Hathras: क्लीनर से किया कुकर्म, बदला लेने को ट्रक चालक की कर दी हत्या, पिता-पुत्र दोनों दबोचे, भेजे जेल
ट्रक चालक ने अपने क्लीनर के साथ कुकर्म किया। उसका बदला लेने के लिए क्लीनर पिता ने अपने पुत्र के साथ मिलकर ट्रक चालक की आगरा में डंडा मारकर और गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दस महीने से साकेत कॉलोनी निवासी ट्रक चालक की हत्या सिर में डंडा मारने और गमछे से गला घोंटकर की थी। पुलिस ने हत्यारोपियों से की गई पूछताछ के हवाले से घटना के पीछे चालक के क्लीनर के साथ कुकर्म करने की घटना को वजह बताया है।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के अलीगढ़ रोड स्थित साकेत कॉलोनी निवासी 42 वर्षीय अजय पाठक पुत्र भूरे लाल पाठक पेशे से ट्रक चालक थे। बीते साल 16 जुलाई को वह घर से मथुरा जाने की बात कह कर निकले थे और उसके बाद लापता हो गए थे। पता नहीं चलने पर मृतक के भाई विजय पाठक ने कोतवाली हाथरस गेट में गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। एसपी द्वारा अजय पाठक की तलाश हेतु कोतवाली हाथरस गेट पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) व सर्विलांस टीम को लगाया गया था।
सीडीआर की मदद से 11 मई को कोतवाली हाथरस गेट पुलिस ने आरोपी सुशील कुमार पुत्र ओमप्रकाश व विष्णु उर्फ विनय पुत्र सुशील कुमार निवासी गण साकेत कालोनी थाना हाथरस गेट को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आगरा स्थित केजीएन ट्रेडर्स इस्लाम नगर टेड़ी बगिया जूते के सोल के कारखाना के पीछे स्थित नाले से मृतक अजय पाठक का नर कंकाल बरामद कर लिया। आरोपियों की निशान देही पर पुलिस ने एक डंडा और एक गमछा भी घटनास्थल से बरामद किया है।
गिरफ्तार अभियुक्त सुशील कुमार ने बताया कि वह मृतक अजय पाठक के साथ ट्रक पर क्लीनर के तौर पर नागपुर गया था। जहां पर अजय पाठक ने उसके साथ गलत काम किया था। इसलिए उसने अपने बेटे विष्णु उर्फ विनय के साथ मिलकर अजय पाठक से बदला लेने की योजना बनाई। योजना के तहत 16 जुलाई 2023 को अजय पाठक उसके साथ काम करने केजीएन ट्रेडर्स इस्लाम नगर टेड़ी बगिया आगरा आ गया था। लगभग 15 दिन अजय पाठक ने उसके साथ रहकर आगरा में ही काम किया।
28 जुलाई 2023 को सुशील कुमार ने अपने बेटे विष्णु उर्फ विनय को अपने पास बुला लिया। दोनों पिता-पुत्र ने दो अगस्त 2023 की रात में अजय पाठक को केजीएन ट्रेडर्स की छत पर ले जाकर उसके सिर में डंडा मारकर और गमछा से फंदा डालकर हत्या कर दी। उसके शव को एक प्लास्टिक के कट्टे में बंद कर छत से पीछे की तरफ नाले में गिरा दिया और नीचे जाकर गड्डा खोदकर बोरे सहित शव नाले में दबा दिया। हत्या में प्रयुक्त डंडा व गमछा को केजीएन ट्रेडर्स आगरा की छत पर बने कमरे में छुपा दिया।
थाने में अजय पाठक की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। तलाश के लिए कोतवाली हाथरस गेट पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) व सर्विलांस टीम को लगाया था। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर आगरा स्थित जूते के कारखाने के पीछे बने नाले से एक कंकाल बरामद किया गया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा व गमछा बरामद किया है।-रामप्रवेश राय, सीओ सिटी।