संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
विद्युत कर्मचारी मोर्चा संगठन के पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को पदोन्नति की मांग को लेकर ओढ़पुरा बिजली कार्यालय पर नारेबाजी के बीच प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों ने कमेटी में शामिल पदाधिकारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
उल्लेखनीय है कि बिजली महकमे में नौ वर्ष बाद कर्मियों की पदोन्नति का सिलसिला शुरू हो जाता है। महकमे में काफी कर्मियों के सालों से प्रमोशन नहीं हुए हैं। इसके लिए बिजली अफसरों की एक कमेटी भी बनाई जा चुकी है, लेकिन आरोप है कि कमेटी प्रमोशन में ढिलमुल रवैया अपना रही है। हर रोज कमेटी द्वारा पदोन्नति वाले कर्मियों को तिथि दे दी जाती है। इस तिथि पर कमेटी में शामिल अधिकारी हीलाहवाली करते हैं। इस कारण कर्मियों के प्रमोशन लटके हुए हैं। बृहस्पतिवार को कमेटी के नहीं बैठने से नाराज कर्मियों का गुस्सा फूट पड़ा। कर्मियों ने ओढ़पुरा बिजली कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों में नवनत्न बौहरे, शिव कुमार शर्मा, अंकित कुमार, कैलाश चंद्र, सुरेश चंद्र, विकास शर्मा, ओमवीर सिंह आदि शामिल थे।