जैसे ही फोड़ा समोसा: अंदर निकली छिपकली, मिठाई की दुकान पर हंगामा, एफडीए की टीम पहुंची, जांच में जुटी
ग्राहक ने समोसा खाने के लिए जैसे ही समोसा फोड़ा, वैसे ही उसकी आंखे खुली की खुली रह गईं। उसने देखा कि समोसे के अंदर मरी हुई छिपकली पड़ी थी। ग्राहक ने यह दुकानदार को दिखाया। वहां हंगामा शुरू हो गया।
विस्तार
हाथरस के अलीगढ़ रोड स्थित खंडेलवाल मिष्ठान भंडार में समोसे में छिपकली निकलने से खलबली मच गई। मौके पर हंगामा खड़ा हो गया। करीब एक घंटे तक दुकान पर हंगामा चलता रहा। खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकान मालिक को नोटिस जारी करते हुए अग्रिम आदेशों तक दुकान का संचालन बंद करा दिया है।
शहर के मेंडू गेट निवासी अभिषेक शर्मा 30 मई की दोपहर को अलीगढ़ रोड स्थित खंडेलवाल मिष्ठान भंडार पर समोसा खाने गए थे। उन्होंने दुकान से समोसा खरीदा। आरोप है कि समोसा फोड़ते ही उसमें छिपकली निकली। यह बात उन्होंने दुकानदार को बताई। मौके पर हंगामा खड़ा हो गया। भीड़ एकत्रित हो गई।
शिकायत पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम व थाना हाथरस गेट पुलिस मौके पर पहुंच गई। खाद्य सुरक्षा टीम ने शिकायतकर्ता और दुकानदार से मामले की जानकारी ली। दुकानदार के पक्ष से एफडीए की टीम संतुष्ट नजर नहीं आई। टीम ने दुकान का निरीक्षण किया। मौके पर समोसे की चटनी नहीं मिली। दुकान की सफाई व्यवस्था से भी टीम संतुष्ट नहीं हुई।
छिपकली गिरा रायता पीने से बिगड़ी थी युवक की तबीयत
अलीगढ़ रोड स्थित चिंटू स्वीट्स की दुकान पर 29 जुलाई 2023 को रायता पीने के बाद रामलीला मैदान निवासी गौरव अग्रवाल की तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया था। गौरव का आरोप था कि रायते में छिपकली निकली थी। इस मामले में डीएम से शिकायत की गई थी। डीएम के आदेश पर मौके पर पहुंची खाद्य सुरक्षा टीम ने दुकान से मिठाई और छैना के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे थे। जिला अभिहित अधिकारी रणधीर सिंह का कहना है कि इस दुकान के कई नमूने पूर्व में जांच में फेल हो चुके हैं, जिनके वाद भी चल रहे हैं।
खंडेलवाल मिष्ठान भंडार में समोसे मेें छिपकली निकलने की सूचना पर टीम मौके पर भेजी गई थी। दुकानदार को नोटिस जारी कर सफाई व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए गए हैं। अग्रिम आदेशों तक इस दुकान का संचालन बंद करा दिया गया है। - रणधीर सिंह, जिला अभिहित अधिकारी, हाथरस।