Road Accident: कैंटर ने ऑटो में टक्कर मारने के बाद बाइक सवारों को रौंदा, दंपती सहित तीन की मौत
थाना हसायन के मोहल्ला कुलियान निवासी गुल मोहम्मद, निजाम और नगमा शादी में शामिल होने बाइक से कन्नौज जा रहे थे। एटा के थाना मलावन क्षेत्र के अंतर्गत एनएच 34 पर कैंटर ने ऑटो में टक्कर मारने के बाद बाइक सवारों को रौंद दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एटा के थाना मलावन क्षेत्र के अंतर्गत एनएच 34 पर टक्कर मारने के बाद बदहवास हुए कैंटर चालक ने बाइक पर सवारों को कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार दंपती सहित तीन की मौत हो गई। हादसे में ऑटो चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। हादसे में मरने वाले गुल मोहम्मद (50), निजाम (35) और उनकी पत्नी नगमा (33) मोहल्ला कुलियान हसायन जिला हाथरस के रहने वाले थे।
निजाम के भाई रुस्तम ने बताया कि नगमा की भतीजी शाहीन की 16 अप्रैल को शादी थी, जिसमें शामिल होने तीनों बाइक से जा रहे थे। मलावन थाना क्षेत्र के थरौली गांव के पास पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार कैंटर ने एक ऑटो में टक्कर मारने के बाद इनकी बाइक को चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दी और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। घायल ऑटो चालक सुमित निवासी हिंदू नगर कोतवाली नगर को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आगरा रेफर किया गया है।
कैंटर को मौके से जब्त कर लिया गया है। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। हाथरस जिले के कस्बा व थाना हसायन के मोहल्ला कुलियान निवासी गुल मोहम्मद, निजाम और नगमा शादी में शामिल होने कन्नौज जा रहे थे। थाना तालग्राम के गांव तहापुर में नगमा की भतीजी शाहीन की 16 अप्रैल को शादी थी। मृतक के दूसरे भाई छोटे खान ने बताया कि शाहीन के भाई की भी 17 अप्रैल को बरात जानी थी, लेकिन हादसे के बाद कार्यक्रम को टाल दिया गया है।
ट्रैफिक नियमों की अनदेखी बनी हादसे की वजह
हादसे के पीछे ट्रैफिक नियमों की अनदेखी भी वजह बनी है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त कैंटर चालक तेज रफ्तार पर था और ऑटों को टक्कर मारने के बाद चालक बदहवास हो गया और उसने कैंटर लेकर भागने की कोशिश की, इसी दौरान एक ही बाइक पर सवार तीन लोगों को भी उसने टक्कर मार दी।
एटा में हुए हादसे से हसायन के मोहल्ला कोलियान खुर्द में मातम
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की एटा में हादसे में मौत के बाद कस्बे के मोहल्ला कोलियान खुर्द में मातम का माहौल है। घटना की सूचना के बाद परिजन एटा के लिए रवाना हो गए हैं। मोहल्ला गुलमोहम्मद अपने छोटे भाई निजाम, उनकी पत्नी नगमा के साथ बाइक से 15 अप्रैल को कन्नौज जा रहे थे। गुलबदन अलवी चूड़ी कारीगर है और उनके सात बच्चे हैं, जिनमें चार पुत्र व तीन पुत्रियां हैं। निजाम के 18 वर्ष की पुत्री है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मृत्यु हो जाने की जानकारी मिलते ही मोहल्ले में मातम छा गया। परिवार के लोग एटा चले गए, पड़ोसी और रिश्तेदार बच्चों को ढाढस बंधा रहे हैं।