Hathras: दो लाशें और बिखरा खून देख सदमे में आई किशोरी की मां, रो-रोकर है बुरा हाल
दोनों शवों के पास काफी खून बिखरा हुआ था। बेटी की लाश देखकर उसकी मां सकते में आ गईं। अब उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
विस्तार
सादाबाद क्षेत्र के गांव में युवक ने किशोरी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया और उसके बाद खुद को भी गोली मार ली। यह दृश्य देखकर किशोरी की मां स्तब्ध रह गईं। मौके पर दो लाशें और बिखरा खून देखकर वह सदमे में आ गईं।
किशोरी की मां ने पुलिस को बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर वह अपनी बेटी की तरफ दौड़ पड़ीं। उन्होंने देखा कि बेटी का शव लहूलुहान हालत में पड़ा है। किशोरी की मां का कहना था कि आरोपी शिवम पहले से ही वहां मौजूद था। उनके सामने ही शिवम ने अपने आप को भी गोली मार ली और उसकी भी मौके पर मौत हो गई। दोनों शवों के पास काफी खून बिखरा हुआ था।
बेटी की लाश देखकर उसकी मां सकते में आ गईं। अब उनका रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में बना पशुओं का घेर मृतक किशोरी के घर से करीब 150 मीटर की दूरी पर था, जबकि शिवम की बहन का घर भी वहां से करीब 250 मीटर की दूरी पर था।
बार-बार छोटी बहन को पुकार रही थी बड़ी बहन
मरने वाली किशोरी दो बहनें थीं। उनके कोई भाई नहीं है। मां ही दोनों बेटियों का पालन पोषण कर रही थीं। मृतका की बड़ी बहन इंटर की छात्रा थी, जबकि मृतका हाईस्कूल की पढ़ाई कर रही थी। छोटी बहन का शव देखकर बड़ी बहन रोए जा रही थी और बार-बार छोटी बहन को पुकार रही थी। उसकी चीख-पुकार से माहौल बेहद गमगीन हो गया।
मृतक शिवम ने अपने ही घर में की थी चोरी
मृतक शिवम की बहन के ससुर ने बताया कि माता-पिता के गुजर जाने के बाद वह पिछले कई सालों से यहीं रह रहा था। उसने पिछले दिनों अपनी बहन के ही गहने और नकदी चोरी कर ली थी। इसकी जानकारी कुछ दिनों बाद हुई थी। इसके अलावा वह ऑनलाइन गेम खेलने का भी आदी था। बहन ने बताया कि शिवम की हरकतों की वजह से ही उसे स्कूल वाले स्कूल नहीं आने दे रहे थे। इधर, गांव में चल रही चर्चा के मुताबिक शिवम सनकी किस्म था। वह किसी की बात नहीं मानता था।