Hathras News: चलती कार में लगी आग, मची अफरा-तफरी, खींचकर ले जा रहे वाहन का चालक गाड़ी सहित भागा
एक दुर्घटनाग्रस्त कार को दूसरा वाहन खींचकर हाथरस की ओर ले जा रहा था, तभी अचानक अज्ञात कारणों से कार में आग लग गई। दुर्घटनाग्रस्त कार को खींचकर ला रहे वाहन का चालक अपनी गाड़ी सहित भाग गया।
विस्तार
सासनी के आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जामा मस्जिद के निकट 27 मई की शाम चलती कार में अचानक आग लग गई। यह देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दरअसल, 27 मई की शाम करीब साढ़े छह बजे अलीगढ़ की तरफ से एक दुर्घटनाग्रस्त कार को दूसरा वाहन खींचकर हाथरस की ओर ले जा रहा था, तभी अचानक अज्ञात कारणों से कार में आग लग गई। राहगीरों की भीड़ जमा होने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। दुर्घटनाग्रस्त कार को खींचकर ला रहे वाहन का चालक अपनी गाड़ी सहित भाग गया।
कोतवाली पुलिस और अग्निशमन विभाग की दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद पुलिस ने जलती कार को क्रेन की मदद से सड़क के किनारे हटवाया। तब यातायात सुचारू हो सका। प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी का कहना है कि कार में अचानक आग लग गई थी। चालक अन्य वाहन को लेकर मौके से फरार हो गया।