क्राइम न्यूज, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)।
सादाबाद थाना क्षेत्र के गांव कुरसंडा रोड पर पानी टंकी के पास सोमवार की शाम करीब सात बजे एक ट्रैक्टर की चपेट में आए बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद लाया गया। यहां चिकित्सकों ने एक घायल को मृत घोषित कर दिया।
कुरसंडा के गांव नगला मानधाता निवासी रामू पुत्र सोहन सिंह उम्र 18 साल और गोविंद पुत्र मोहन सिंह बाइक से अपने गांव से कुरसंडा के लिए जा रहे थे। इनकी बाइक सामने से आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गई, जिससे दोनों बाइक सवार युवक सड़क पर जा गिरे। दोनों को उपचार के लिए सीएचसी पर लाया गया, जहां रामू को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि गोविंद का उपचार चल रहा था। मौके पर मृतक के परिजन भी पहुंच गए। मृतक के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जगदीशचंद्र ने बताया कि ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की कार्रवाई की जा रही है।