मंडी समिति समेत 58 उपभोक्ताओं की बत्ती गुल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हाथरस। विद्युत वितरण खंड प्रथम के तहत आने वाले शहरी इलाके के विद्युत बकाएदारों के खिलाफ विभाग ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। दो दिन से चलाए जा रहे अभियान में बकाएदारों के धड़ाधड़ कनेक्शन काटे जा रहे हैं। सरकारी दफ्तरों की बिजली को भी गुल किया जा रहा है।
विद्युत वितरण खंड प्रथम के करीब 10 से 12 हजार उपभोक्ताओं पर करीब 28 से 30 करोड़ का बकाया चल रहा है। विभाग इन बकाएदारों को कई बार चेतावनी भी दे चुका है, लेकिन यह बकाएदार बकाया जमा नहीं कर रहे। सोमवार को शहर में चलाए अभियान में विद्युत टीम ने 25 और मंगलवार को चलाए गए अभियान में 33 बकाएदारों के कनेक्शन काट दिए। इसके अलावा अलीगढ़ रोड पर कृषि उत्पादन मंडी समिति की बिजली भी विभाग ने 35 लाख के बकाए के कारण गुल कर दी, जिससे मंडी कर्मियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। एक्सईएन गुलाब सिंह ने बताया कि उच्चाधिकारियों के सख्त निर्देश हैं कि 100 फीसदी बकाया वसूला जाए। जिन बकाएदारों की बिजली गुल की जा रही है, उनकी सूची बनाई जा रही है। जल्द ही इनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। उन्होने बताया कि मंडी समिति के अफसरों ने दो दिन में बकाया जमा करने का आश्वासन दिया है, इसलिए मंडी समिति की बिजली का कनेक्शन जोड़ दिया गया है। एक्सईएन ने सभी एसडीओ को भी बकाया वसूली करने के संबंध में कडे़ दिशा निर्देश दिए हैं।