{"_id":"5999cc734f1c1b9e7a8b46dd","slug":"tractor-trolley-full-of-pilgrims-overturned-four-killed","type":"story","status":"publish","title_hn":"श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली खंती में पलटी, चार की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली खंती में पलटी, चार की मौत
अमर उजाला ब्यूरो, हरदोई
Updated Sun, 20 Aug 2017 11:22 PM IST
विज्ञापन
पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद सुनीता के परिजन।
- फोटो : amarujala
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरदोई / बिलग्राम / छिबरामऊ। गंगास्नान के लिए मेहंदीघाट जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर बेकाबू होकर खंती में पलट गई। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अस्पताल ले जाते समय एक और ने दम तोड़ दिया। आठ श्रद्धालु घटना में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी मृतक और घायल सीतापुर जिले के हैं।
विज्ञापन
सीतापुर जिले के थाना तालगांव के ग्राम दुघरा और माघपुर के लगभग 45 ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर गंगास्नान के लिए मेंहदीघाट जा रहे थे। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर जफरपुर और शाहपुर गांव के बीच रविवार सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर खंती में पलट गई।
विज्ञापन
राहगीरों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेस मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस से बिलग्राम स्थित सीएचसी भेजा गया। ट्रॉली पर सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इनकी शिनाख्त सीतापुर के तालगांव थाना क्षेत्र के माघपुर गांव निवासी ओमप्रकाश (30), दुघरा गांव निवासी सुनीता (45) और इसी गांव के निर्मल (15) के रूप में हुई।
विज्ञापन
सीएचसी भेजे गए दस घायलों में से पांच की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इनमें से एक सीतापुर के दुघरा गांव निवासी विनोद कुमार की पत्नी सुमन शुक्ला (45) को जिला अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। घटना में सीतापुर के तालगांव थाना क्षेत्र के डोघरा गांव निवासी देशराज (32), ग्राम शेखपुर निवासी लल्ला (15), माघपुर निवासी शैलेंद्र कुमार (15), बरातीलाल (40), विरजाना (60), जुमलता (30), पूजा (15) के अलावा विसवां थाना क्षेत्र के सहारी सराय निवासी सुरेश (30) घायल हो गए। इनमें से गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी पर सीओ बिलग्राम देवेंद्र सिंह और कोतवाल सत्येन्द्र सिंह भी मौके पर पहुंचे।
पुण्य कमाने जा रहे थे, मिली मौत
ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी श्रद्धालु मेहंदीघाट पर गंगा स्नान के बाद कन्नौज के फूलमती मंदिर में दर्शन करने के लिए जाने वाले थे। इसके बाद वहां से वापस आकर सोमवार को होने वाली सोमवती अमावस्या पर फिर से इन सभी को गंगा में डुबकी लगानी थी। फिर वापस आकर नैमिषारण्य में देवी दर्शन करने थे। कौन जानता था कि पुण्य कमाने निकले श्रद्धालुओं की मौत रास्ते में ही हो जाएगी। पूरी घटना के बारे में पता चला है कि माघपुर निवासी बारातीलाल अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली में श्रद्धालुओं को लेकर निकला था। सभी श्रद्धालुओं ने ईंधन का खर्च उठाने के लिए आपस में ही चंदा एकत्र किया था।
पंचर हो गई थी ट्राली, दोबारा गांव जाकर बदली
सभी श्रद्धालु शनिवार शाम लगभग साढ़े पांच बजे मेंहदीघाट के लिए निकले थे। सीतापुर के पास ट्रैक्टर में लगी ट्रॉली पंचर हो गई। इस पर बारातीलाल ने सभी श्रद्धालुओं को उतार दिया। ट्रॉली सही करने के लिए खड़ी कर दी और फिर गांव से दूसरे की ट्राली मांगकर ले आया। इसके बाद सभी श्रद्धालु कोथावां विकास खंड के हत्याहरण तीर्थ भी गए। कुछ श्रद्धालुओं ने रात हो जाने पर यहीं रुकने की बात कही थी, लेकिन अधिकतर की राय थी कि चलते रहना चाहिए ताकि समय से मेंहदीघाट पहुंच जाएं। मेंहदीघाट पहुंचने से पहले ही हादसा हो गया।
मां को मौत के मुंह में जाते देख बेहोश हो गई बेटी
दुर्घटना में सीतापुर के तालगांव थाना क्षेत्र के डोघरा गांव निवासी विनोद कुमार की पत्नी सुमन शुक्ला की भी मौत हो गई। ट्रॉली में सुमन के साथ उनकी पुत्री सुलोचना भी थी। हादसे में सुलोचना मामूूली रूप से घायल हुई, लेकिन सुमन की हालत गंभीर थी। सुमन को मौत के मुंह में जाते देख सुलोचना बदहवास होकर बेहोश हो गई। जब उसे होश आया तब तक उसकी मां की मौत हो चुकी थी। सुमन के परिवार में पति विनोद के अलावा तीन पुत्रियां राखी (20) रागिनी (19) सुलोचना (15) के अलावा दो पुत्र रामशंकर (17) और मोहित (16) हैं।
कक्षा आठ का छात्र था निर्मल
हादसे में सीतापुर के थाना तालगांव के डोघरा गांव निवासी धनीराम के पुत्र निर्मल (15) की मौके पर ही मौत हो गई थी। ट्रॉली में निर्मल की मां श्यामकली भी थी। हादसे में घायलों को खोजते हुए श्यामकली मृतकों के पास जा पहुंची। वहीं बेटे का शव देख वह बिलख पड़ी। धनीराम ने बताया कि उसके परिवार में दो विवाहित पुत्रियां रेनू और पूनम के अलावा एक विवाहित पुत्र सतीश भी है। चार भाई बहनों में निर्मल सबसे छोटा था और गांव के स्कूल में कक्षा आठ का छात्र था।
बेटा बचा लेकिन मां की हो गई मौत
गंगा स्नान के लिए डोघरा निवासी सुनीता (45) भी निकलीं थीं। इनके साथ उनका 15 वर्षीय पुत्र संगम भी ट्रॉली में था। सुनीता के पति पुरुषोत्तम और 17 वर्षीय पुत्री रुबी घर पर ही थे। हादसा हुआ तो संगम बच गया, लेकिन सुनीता की मौत हो गई। इसी घटना में तालगांव थाना क्षेत्र के माघपुर गांव निवासी ओम प्रकाश की भी मौत हुई। ओम प्रकाश अविवाहित था। जानकारी पर बड़ा भाई अवधराम पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा।