हरदोई। अयोध्या विवाद पर सुप्रीम कोर्ट के आने वाले फैसले के मद्देनजर कमिश्नर मुकेश मेश्राम और आईजी एसके भगत ने डीएम व एसपी की मौजूदगी में गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक की। उन्होंने संभ्रांत लोगों से कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द नहीं बिगड़ना चाहिए और जिले की गंगा-जमुनी पहचान पर आंच नहीं आनी चाहिए। प्रशासनिक व पुलिस अफसरों को भी निर्देश दिया कि असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर तत्काल कार्रवाई करें।
अधिकारियों ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करना सभी का कर्तव्य है। इसको लेकर कोई भी टिप्पणी न करें। जिले में सामाजिक सौहार्द कायम रखें। बैठक में सवायजपुर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू के अलावा विभिन्न क्षेत्रों से आए राजनीतिक प्रतिनिधियों, विभिन्न समुदायों के संभ्रांत लोग भी मौजूद रहे। इसके बाद अधिकारियों के साथ हुई बैठक में कमिश्नर और आईजी ने कहा कि असामाजिक गतिविधि करने वाले लोगों पर बिना किसी दबाव के कार्रवाई करें। जिला मुख्यालय पर नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के भी निर्देश दिए। यह भी कहा कि अफवाह किसी भी हाल में न फैलने दें। अगर कोई अफवाह फैले तो तत्काल ही उसको नियंत्रित करें। इसके अलावा ग्राम प्रधानों, सचिवों और लेखपालों से भी शांति व्यवस्था बनाए रखने में मदद लेने को कहा गया। इस दौरान डीएम पुलकित खरे, एसपी आलोक प्रियदर्शी, एडीएम संजय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।