{"_id":"58a9e4874f1c1b921ad866de","slug":"festival-of-the-vote-as-the-view-polling-60-per-cent","type":"story","status":"publish","title_hn":"मतदान का महोत्सव जैसा नजारा, 60 फीसदी मतदान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मतदान का महोत्सव जैसा नजारा, 60 फीसदी मतदान
अमर उजाला ब्यूरो, हरदोई
Updated Mon, 20 Feb 2017 12:01 AM IST
विज्ञापन
ग्राम वल्लीपुर में मतदान करने को लगी लंबी लाइन को सही कराते पैरामिलेट्री फोर्स के जवान।
- फोटो : amarujala
हरदोई। जिले के मतदाताओं ने सही मायनों में मतदान दिवस को उत्सव दिवस के रूप में मना अपना राष्ट्रधर्म पूरा किया। उत्साह का ही नतीजा रहा कि पिछले विधानसभा चुनाव यानी 2012 की अपेक्षा अबकी मतदान 3.32 फीसदी बढ़ा दर्ज किया गया। युवा, वृद्ध और महिलाएं सभी घरों से निकले और वोटों की बौछार कर दी। न कहीं चिकचिक हुई और न ही झिकझिक। वीआईपी लोगों ने भी लाइन में लगकर मतदान किया। जिले में करीब 60 फीसदी वोटरों ने मतदान किया। देर शाम ज्यादातर पोलिंग पार्टियां मंडी स्थल पहुंच गई थीं। मतदान करने में शाहाबाद अव्वल रहा। जबकि हरदोई सीट के वोटर फिसड्डी रह गए।
विज्ञापन
जिले की आठ विधानसभा सीटों के लिए रविवार को 3005 बूथों पर मतदान कराया गया। सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। ज्यादातर बूथों पर सुबह से ही मतदान में तेजी आ गई थी। पहले दो घंटे 12 फीसदी वोट पड़ गए। नौ बजे के बाद बूथों पर महिलाओं की कतार लंबी होने लगी। 11 बजे तक मतदान का प्रतिशत 28.73 पहुंच गया। दोपहर एक बजे तक 42 फीसदी वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। इसके बाद धूप में तेजी आ गई और बूथों पर लगी लाइनें कम होने लगीं। शाम तीन बजे तक 53.94 और शाम पांच बजे तक लगभग 60 फीसदी वोटिंग हुई। शहर से लेकर गांवों तक के बूथों पर लाइनें लगी रहीं।शहर के आईटीआई महिला, पीडब्ल्यूडी, जूनियर विद्यालय आजाद नगर, आदर्श विद्यालय, कन्या हिंदी पाठशाला, हरदेवगंज आदि विद्यालयों में सुबह से मतदाताओं का लोकतंत्र के गठन को लेकर जज्बा देखा गया।
विज्ञापन
जिला जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी विवेक वार्ष्णेय ने बताया कि करीब 60 फीसदी मतदान हुआ है। वर्ष 2012 के चुनाव में 56.68 वोट पड़े थे। सबसे अधिक शाहाबाद 63.40 फीसदी वोटिंग शाहाबाद और सबसे कम 56.00 हरदोई में हुई। डीएम ने शांतिपूर्वक मतदान के लिए वोटरों, जन प्रतिनिधियों, अधिकारियों/कर्मचारियों, समाजसेवियों का आभार प्रकट किया है।
विज्ञापन