हरदोई। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत पिहानी में बने शौचालयों को स्वच्छता एवं पेयजल मंत्रालय की वेबसाइट पर टड़ियावां का दिखाए जाने के मामले में सीडीओ ने सख्त रुख अपनाया है। अमर उजाला की खबर को संज्ञान में लेकर टड़ियावां विकास खंड की चार ग्राम पंचायतों में निर्मित और निर्माणाधीन शौचालयों का सत्यापन कराने का निर्णय सीडीओ ने लिया है। इसके लिए दो अधिकारियों को जिम्मेदारी देकर एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी है। 11 अगस्त के अंक में अमर उजाला ने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण में चल रहे गलत रिपोर्टिंग के खेल को उजागर किया था। पिहानी विकास खंड के अलावा बावन और सुरसा विकास खंड में बने शौचालयों को टड़ियावां विकास खंड के अलग-अलग गांवों में निर्मित बताकर इनकी फोटो केंद्र सरकार की स्वच्छता एवं पेयजल मंत्रालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई थी।
सीडीओ निधि गुप्ता वत्स ने इस मामले में जांच कर कार्रवाई की बात कही थी। उनके निर्देश पर जिला विकास अधिकारी राजितराम मिश्र ने जांच के आदेश जारी किए हैं। टड़ियावां ब्लाक की ग्राम पंचायत देबिया फत्तेपुर , शिबरी, थोक खाला और दानियालगंज में शौचालय निर्माण की जांच को संबंधित गांवों की टास्क फोर्स के प्रभारी बनाए गए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। डीडीओ ने बताया कि सहायक अभियंता प्रांतीय खंड और उपायुक्त व्यापार कर को जांच के लिए कहा गया है। एक सप्ताह में रिपोर्ट देनी होगी।