आंधी ने मचाई तबाही
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरदोई। शनिवार की रात आई आंधी ने तबाही मचाई। रात करीब साढ़े 11 बजे तेज हवाएं चलीं और कुछ ही देर में बिजली गुल हो गई। बारिश थमने पर जब तीन घंटे बाद आपूर्ति शुरू हुई तब भी कई मोहल्लों में अंधेरा पसरा रहा। प्राथमिक उपकेंद्र मन्नापुरवा में भी जंफर व तार टूट गए, जिसकी मरम्मत के लिए करीब आठ घंटे तक जनपद को सप्लाई नहीं दी जा सकी। उमस और गर्मी से परेशान लोगों को रात में करीब साढ़े 11 बजे आंधी और बारिश से राहत मिल गई। आंधी की शुरूआत होते ही प्राथमिक उपकेंद्र मन्नापुरवा से बिजली बंद कर दी गई। तेज आंधी के साथ बारिश भी शुरू हो गई। रात करीब ढाई बजे प्राथमिक उपकेंद्र से सप्लाई चालू की गई। लेकिन लोकल फाल्टोें की वजह से गुरगुज्जा उपकेंद्र समेत शहर के तमाम मोहल्लों में रात को बिजली गुल रही।
मोहल्ला आलू थोक, वैटगंज, आजाद नगर, कृष्ण नगररिया, कोयल बाग कालोन, रेलवेगंज, सरकुलर रोड सहित कई मोहल्लों में बिजली रात में सुचारू नहीं हो सकी। प्राथमिक उपकेंद्र मन्नापुरवा में भी आंधी की वजह से जंफर व तार टूट गए। जिसकी मरम्मत के लिए सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रखी गई। हालांकि 12 बजे पूरे शहर की आपूर्ति सुचारू कर दी गई, जबकि गुरगुज्जा उपकेंद्र और चरौली उपकेंद्र की आपूर्ति दोपहर 12 बजे के बाद सुचारू की जा सकी। उपखंड अधिकारी दिलीप यादव ने बताया कि शहर में भी कई स्थानों पर तार टूटने व जंफर जलने की शिकायत मिली थीं जिसे ब्रेक डाउन के दौरान बनवा दिया गया। उपखंड अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने कहा कि आंधी से मन्नापुरवा उपकेंद्र में भी कमियां आई थी, जिसको सही कराने के लिए ब्रेक डाउन लिया गया। सप्लाई शुरू कर दी गई।
पेड़ गिरे, फसलें खराब
मल्लावां। आंधी से कई जगह पेड़ गिर गए। तारों पर पेड़ों की डालें गिरने से बिजली व्यवस्था चौपट हो गई। आंधी और बारिश के कारण मक्के की फसल भी गिर गई है। हरपालपुर संवाददाता के अनुसार आंधी मेें पेड़ गिरने से कई जगह खंभे गिर गए और लोगों के घरों में रखे टेन शीड उड़ गए। आंधी से आम की फसल को भी नुकसान हुआ है। पिहानी : आंधी से तारों पर पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति चरमरा गई। आम की फसल को ज्यादा नुकसान हुआ है। शाहाबाद में आंधी के साथ करीब आधा घंटा बारिश हुई। कासिमपुर में आंधी से नीम का पेड़ गिरने से सरेहरी निवासी रामबालक की छत क्रैक हो गई। इसके अलावा कई जगह पेड़ उखड़ने से तार टूट गए। इससे बिजली गुल हो गई।
आंधी में टूटी एचटी लाइन और खंभे
बघौली। आंधी में वल्लीपुर के निकट 33 केवीए लाइन के तीन खंभे और तार टूट गए। मन्नापुरवा से बघौली उपकेंद्र जाने वाली एचटी लाइन के खंभे व तार टूटने से उपकेंद्र से बिजली सप्लाई देर रात के बाद से अभी तक ठप है। ऐसे में बघौली समेत विक्टोरिया गंज, मतुआ, बक्शखेड़ा और महरी फीडर से जुड़े एक सौ से अधिक गांवों की बिजली गुल हो गई। उधर, गदनपुर मोड़ के पास किसान नजीर के खेत में एक खंभा टूट गया। विभागीय कर्मी संजय ने बताया कि मुख्य लाइन में अभी तक यही फाल्ट मिली है गांव में भी तार टूटे हो सकते हैं जिसकी सूचना अभी नहीं आई है।
आंधी से चार घरों में आग लगी
शाहाबाद। थाना क्षेत्र के गांव टडेर में शनिवार रात आई तेज आंधी में चूल्हे से उड़ी चिंगारी अहिबरन के छप्पर पर जा गिरी। इससे अहिबरन का घर जलने लगा। आंधी के कारण आग ने पड़ोसी लकूरी, रामकरन और रामसिंह के मकानों को भी चपेट में ले लिया। आंधी में आग विकराल होने से ग्रामीण सहम गए। इसी बीच बारिश शुरू हो गई। इससे आग काबू में आ गई। अग्निकांड में चारों घरों का सामान जल कर राख हो गया। पीड़ित परिवारों ने तहसील में सूचना दी है।