मुख्यमंत्री महिलाओं से मिलें तब पता चलेगा उनमें कितना भय है
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरदोई। सूबे में भाजपा की सरकार बनने पर महिलाओं को उनके अधिकार और पूरा सम्मान मिलेगा। प्रदेश की समाजवादी पार्टी की सरकार ने जनता की गाढ़ी कमाई को लूटा है। उन्हीं रुपयों के बंटवारे के लिए अब चाचा और भतीजे लड़ रहे हैं। टिकटों की सौदागर मायावती महिलाओं के अधिकार भी बेचती हैं। सपा-बसपा सरकारों ने कभी महिलाओं का सम्मान नहीं किया। ये बात भाजपा के महिला सम्मेलन में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष स्वाती सिंह ने कही।
भाजपा महिला मोर्चा की ओर से शहर के आरआर इंटर कॉलेज मैदान पर सोमवार को महिला सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें स्वाती सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं। हरदोई की नारी शक्ति को प्रणाम करने के साथ अपने संबोधन की शुरुआत करने वाली स्वाती ने कहा कि भीड़ देख कर लग गया कि हरदोई की महिलाएं अब परिवर्तन चाहती हैं। आधी आबादी के जोश को देखकर लगने लगा है कि भाजपा हरदोई की आठों सीटें जीत लेगी। 2017 में भाजपा की सरकार बनाने की अपील करते हुए उन्होंने भीड़ से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सपना आधी आबादी को देश के विकास में भागीदारी देना है। भाजपा की सरकार बनने पर महिलाओं को न केवल उनके सभी अधिकार मिलेंगे बल्कि उनको पूरा सम्मान और सुरक्षा भी मिलेगी।
स्वाती ने आरोप लगाया कि सपा की प्रदेश सरकार ने केवल प्रदेश को लूटा है। होर्डिंग से विकास का दावा करने वाले मुख्यमंत्री अखिलेश यादव में दम है तो गांवों में जाकर जनता का दर्द जानें। महिलाओं से मिलें तब पता चलेगा उनमें कितना भय है। जब कोई बेटी घर से निकलती है तो मां उसके लौटने तक आशंकित रहती है। बुलंदशहर में दुष्कर्म का शिकार हुई मां-बेटी को अभी तक न्याय नहीं मिल पाया। सीएम खुद कहते हैं मैं ट्रेनी सीएम हूं, तो क्या मुलायम सिंह ने यूपी की जनता को प्रयोगशाला समझ रखा है। हमें लखनऊ में बैठकर विकास के दावे करने वाले नहीं गरीब, किसान और दलितों का भला करने वाली सरकार चाहिए।
उन्होंने कहा कि मायावती टिकटों के साथ महिलाओं के अधिकार भी बेचती हैं। उनकी सरकार में भी महिलाएं सुरक्षित नहीं थीं। नोटबंदी के खिलाफ भारत बंद पर स्वाती ने कहा कि सरकार में रहकर अनगिनत घोटाले करने वाले कांग्रेसी वोट मांगने आएं तो उनसे हिसाब जरूर मांगना। संगठन से जुड़ीं और विधानसभा टिकट की दावेदारी कर रहीं महिला नेताओं और पुरुष दावेदार की पत्नियों ने स्वाती सिंह को स्मृति चिह्न भेंट किए। मंच पर गोदावरी, अलका मिश्रा, ममता सिंह, कार्यक्रम संयोजक कीर्ति सिंह, सवायजपुर विधायक रजनी तिवारी, सुनीता राठौर और भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण शास्त्री आदि मौजूद रहे।