{"_id":"58a9aee34f1c1b815fd858e3","slug":"jasrupnagr-hand-pumps-gush-poison-the-administration-silence","type":"story","status":"publish","title_hn":"जसरूपनगर: हैंडपंप उगल रहे ‘जहर’ , प्रशासन मौन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जसरूपनगर: हैंडपंप उगल रहे ‘जहर’ , प्रशासन मौन
अमर उजाला ब्यूरो/हापुड़
Updated Sun, 19 Feb 2017 08:48 PM IST
विज्ञापन
हैंडपंप उगल रहे ‘जहर’ ,
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोदीनगर रोड स्थित जसरूपनगर के बाह्य छोर पर भरा धीरखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र का दूषित पानी लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहा है। क्षेत्र के अधिकांश लोग हैंडपंप का पानी पीने से लीवर, किडनी में इंफेक्शन और पथरी जैसे रोगों से जूझ रहे हैं।
विज्ञापन
टंकी के पानी से अभी तक कालोनी के लोग अछूते हैं। प्रशासनिक अफसरों की अनदेखी के साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम भी लोगों के स्वास्थ्य के प्रति गंभीर नहीं है। जल निगम की टीम आज तक हैंडपंप से निकल रहे दूषित पानी की जांच करने नहीं पहुंच सकी है, इससे लोगों में रोष व्याप्त है।
विज्ञापन
उल्लेखनीय है कि, धीरखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र का दूषित और जहरीला पानी जसरूपनगर कालोनी के बाह्य छोर पर भरा हुआ है। दर्जनों मकानों की दहलीज को यह पानी छू चुका है। लोगों को बाजार तक जाने के लिए भी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। बच्चों का स्कूल जाना भी मुश्किल भरा होता है।
विज्ञापन
अब यह दूषित पानी हैंडपंपों के सहारे लोगों के स्वास्थ्य पर भारी पड़ने लगा है। कालोनी के अधिकांश लोग लीवर, किडनी और पथरी जैसे रोगों से जूझ रहे हैं। आलम यह है कि सब्जी पकाने के लिए जब गृहणी पानी को गैस आदि पर रखती हैं तो सब्जी गल नहीं पाती, चाय आदि तो फट जाती हैं।
आश्चर्य की बात यह है कि प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीम भी लोगों के स्वास्थ्य के प्रति गंभीर नहीं है, शिकायतों के बावजूद भी अभी तक कालोनी में कैंप नहीं लगाया जा सका है।
हैंडपंपों से इतना जहरीला पानी निकल रहा है कि इसके सेवन से गले में जलन होने लगती है। सब्जी आदि भी सही तरीके से नहीं पक पाती हैं, कालोनी के लोग नरकीय जीवन जीने को मजबूर हो रहे हैं। मैं खुद लीवर की समस्या से जूझ रही हूं। - चतरी
दूषित पानी के सेवन से कालोनी के लोगों के लीवर, किडनी में समस्या हो रही है। कई बार कालोनी में टंकी बनवाने की मांग उठा चुके हैं, अभी तक हजारों लोगों को टंकी का पानी नसीब नहीं हुआ है। केमिकल का पानी पीने को मजबूर हैं। - शीला
फैक्ट्रियों का जहरीला पानी घरों के बाहर भरा है। दुधारू पशु इस पानी को पीकर बीमार हो रहे हैं। जितना कमाते हैं उससे ज्यादा पैसा चिकित्सकों द्वारा इलाज में खर्च हो जाता है। प्रशासनिक अधिकारी कोई सुध नहीं ले रहे हैं। - सुरेश
कालोनी के हर घर में जहरीले पानी से लोग बीमार हैं। प्रशासन की अनदेखी से सभी लोग बदतर जीवन जीने को मजबूर हैं। चुनाव के समय नेताओं ने राहत का आश्वासन दिया था, अब वह भी दिखने बंद हो गए हैं। राहत नहीं मिली तो आंदोलन किया जाएगा। - नरेश
पानी के सैंपल की होगी जांच
मामला गंभीर है, क्षेत्र में टीम भेजकर पानी के सैंपल की जांच कराई जाएगी। अगर पानी दूषित आता है तो इसके कारणों का पता लगाकर समस्या का निस्तारण कराया जाएगा। - मीनू राणा, एसडीएम