यूपी में बड़ा हादसा: दो बाइकों की भीषण टक्कर, दंपती ने तोड़ा तड़प-तड़पकर सड़क पर दम; वसीम की एक गलती ने ली जान
47 वर्षीय वसीम अपनी 52 वर्षीय पत्नी शाहीन के साथ मोटरसाइकिल से पिलखुवा से हापुड़ की ओर जा रहे थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, दंपती की बाइक सर्विस रोड पर गलत दिशा में चल रही थी। इसी दौरान सामने से, यानी हापुड़ से पिलखुवा की ओर आ रहे चमनपुरी निवासी राशिद की बाइक से उनकी सीधी और जोरदार टक्कर हो गई।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत सरस्वती मेडिकल कॉलेज से निजामपुर जाने वाली सर्विस रोड पर, रेलवे ब्रिज के पास दो मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे में एक दंपती की दुखद मौत हो गई है, जबकि दूसरी बाइक पर सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे का घटनाक्रम और मुख्य कारण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिंभावली थाना क्षेत्र के बक्सर गांव निवासी 47 वर्षीय वसीम अपनी 52 वर्षीय पत्नी शाहीन के साथ मोटरसाइकिल से पिलखुवा से हापुड़ की ओर जा रहे थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, दंपती की बाइक सर्विस रोड पर गलत दिशा में चल रही थी। इसी दौरान सामने से, यानी हापुड़ से पिलखुवा की ओर आ रहे चमनपुरी निवासी राशिद की बाइक से उनकी सीधी और जोरदार टक्कर हो गई।
अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में तीनों घायलों को पास के ही सरस्वती मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद वसीम और उनकी पत्नी शाहीन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल राशिद का अस्पताल में सघन उपचार चल रहा है।
परिजनों में कोहराम और पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही मृतक दंपती और घायल युवक के परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंच गए। मामले की जानकारी देते हुए सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की जान गई है और एक घायल है जिसका इलाज जारी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।