शिक्षिका को भेजे अश्लील फोटो, स्टाफ के सात लोगों पर मुकदमा
पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के गांव स्थित इंटर कॉलेज की एक शिक्षिका ने शिक्षकों पर उसके मोबाइल फोन पर अश्लील फोटो और पोस्ट भेजने का आरोप लगाते हुए एसपी से शिकायत की। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर कॉलेज से जुड़े सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पीड़िता ने तहरीर में बताया कि अप्रैल माह में कॉलेज के प्रधानाध्यापक का कार्यभार एक नए शिक्षिक द्वारा लिया गया है, तभी से उसका मानसिक शोषण किया जा रहा है। वह कॉलेज में वर्ष 2019 से बतौर प्रवक्ता है। आरोप है कि उसे बिना किसी सूचना के प्रवक्ता पद से हटाकर सहायक अध्यापक बना दिया गया है। गत 16 अगस्त को उसके मोबाइल पर एक अश्लील फोटो और पोस्ट डाली गई। जानकारी करने पर पता चला कि यह पोस्ट कॉलेज में पढ़ने वाले कक्षा सात के छात्र के बड़े भाई ने शिक्षक के कहने पर डाली थी। आरोप है कि टाइम टेबल में उसके नाम को परिवर्तित कर ऐसा नाम अंकित किया गया जो आपत्तिजनक श्रेणी में आता है। आरोप है कि शिकायत करने पर शिक्षिका और उसके पति के साथ अभद्रता की गई। पीड़िता द्वारा मामले की थाना पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई। वहीं कॉलेज के प्रधानाचार्य का कहना है कि पीड़िता की शिकायत पर जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा चार सदस्यीय जांच टीम का गठन किया गया था। टीम पिछले दिनों जांच कर चुकी है। जिसकी जांच रिपोर्ट अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही मामले का सही पता चल पाएगा।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह का कहना है कि पुलिस अधीक्षक के आदेश पर शिक्षिका की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।