Hapur: स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण करेगी कायाकल्प टीम, सरकारी अस्पतालों का तीन दिन तक लेगी फीडबैक
पैरामीटर पर खरा उतरने के लिए अस्पतालों को बहुत से बदलाव करने की जरूरत है। शासन से हापुड़ में एनक्यूएएस टीम के आगमन का कार्यक्रम स्वास्थ्य विभाग को मिल गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
केंद्र सरकार द्वारा गठित नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड(एनक्यूएएस) की कायाकल्प टीम आज हापुड़ पहुंचेगी। तीन दिन तक सरकारी अस्पतालों का फीडबैक लेगी। गढ़ रोड सीएचसी को चकाचक करने का काम दिन रात चल रहा है। टीम के सर्वे में यदि अस्पताल उत्तीर्ण हुआ तो शासन से 10 लाख मिलेंगे। फंड बढ़ने के साथ ही चिकित्सकों की संख्या और संसाधनों में भी इजाफा होगा।
अस्पतालों के कायाकल्प को लेकर शासन गंभीर है। हर साल अस्पतालों का भौतिक सत्यापन कराया जाता है। इस बार नए सिरे से अस्पतालों का सत्यापन किया जाना है। तीन अगस्त से पांच अगस्त तक टीम हापुड़ में रहकर विभिन्न बिंदुओं पर अस्पतालों का सत्यापन करेगी। गढ़ रोड सीएचसी में एक सप्ताह से साफ सफाई का काम चल रहा है। पानी, बिजली की सुविधा के साथ ही अग्निशमन यंत्र, कचरा प्रबंधन की व्यवस्था कराई गई है। शौचालयों को चकाचक कराया जा रहा है, मरीजों से फीडबैक सीएमओ कार्यालय द्वारा लिया जा रहा है।
पर्चा काउंटर और दवा वितरण में भी बदलाव हुए हैं। किसी मरीज को बाहर की दवाएं नहीं लिखी जा रही हैं। टीम के सत्यापन में यदि अस्पताल को 70 फीसदी से अधिक अंक मिले तो अस्पताल के नाम के साथ एनक्यूएएस भी जुड़कर जाएगा। इस ग्रेड के जुड़ने से ही अस्पताल के बजट, संसाधनों में बढ़ोतरी होगी।
इन बिंदुओं पर होगा सत्यापन
- अस्पताल परिसर में साफ सफाई की स्थिति।
- वार्ड में भर्ती मरीजों को मिलने वाली सुविधा।
- अस्पताल आने वाले मरीजों को उपचार की सुविधा।
- बायो मेडिकल वेस्टेज के निस्तारण को लेकर उपाय।
- आग से बचाव को लेकर संसाधन।
अस्पतालों में आने वाले मरीजों को बेहतर सुविधाएं दी जा रही हैं। संसाधनों की व्यवस्था भी कराई गई है, सफाई व्यवस्था दुरुस्त है, तीन दिन तक एनक्यूएएस टीम सर्वे करेगी। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। - डॉ सुनील कुमार, सीएमओ।