{"_id":"6730dd48c6183b99f5036a19","slug":"farmer-injured-by-beating-by-brothers-and-nephews-in-hapur-dies-during-treatment-2024-11-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"UP: भाई-भतीजों की पिटाई से घायल किसान की इलाज के दौरान मौत, शव रखकर परिजनों ने थाने का किया घेराव; रखी ये मांग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
UP: भाई-भतीजों की पिटाई से घायल किसान की इलाज के दौरान मौत, शव रखकर परिजनों ने थाने का किया घेराव; रखी ये मांग
Sun, 10 Nov 2024 09:50 PM IST
श्याम जी.
अमर उजाला नेटवर्क, हापुड़
अमर उजाला नेटवर्क, हापुड़
Published by: श्याम जी.
Updated Sun, 10 Nov 2024 09:50 PM IST
सार
हापुड़ जिले में जमीनी विवाद को लेकर किसान को उनके भाई-भतीजों ने मारपीट कर घायल कर दिया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने का घेराव किया।
विज्ञापन
परिजनों ने थाने का किया घेराव
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव गोहरा में खेत पर गए किसान राजकुमार को उनके भाई-भतीजों ने जानलेवा हमले में घायल कर दिया था। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। रविवार शाम राजकुमार की मौत हो गई। शव को लेकर थाने पहुंचे परिजनों ने हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर घेराव किया। देर शाम तक हंगामा जारी रहा।
विज्ञापन
गोहरा निवासी युवती ने शनिवार को रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि उसके पिता राजकुमार का उनके भाई अशोक से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार सुबह उसके पिता खेत पर काम करने के लिए गए थे। इस दौरान चाचा अशोक उसका पुत्र अरविंद, रवि व अमित उर्फ अंजे के साथ खेत पर पहुंच गए। आरोपियों ने पिता के साथ गाली-गलौज कर अभद्रता कर दी।
विज्ञापन
विरोध पर पिता पर लाठी-डंडों व तमंचे से हमला कर दिया। उसके पिता को जमकर पीटा, जिसमें उनके दो दांत भी टूट गए। सूचना पर वह भी दौड़ती हुई खेत पर पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ अभद्रता करते हुए फोन छीन लिया और गाड़ी में खींचने का प्रयास किया। ग्रामीणों के एकत्र होने पर आरोपी फरार हो गए। पिता को उपचार के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया था। पुलिस ने मामले में चोरों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी, लेकिन रविवार शाम राजकुमार की मौत हो गई। मौत के बाद परिजन थाने पहुंचे और हंगामा कर दिया।
विज्ञापन
परिजनों का आरोप था कि राजकुमार हृदय रोगी थे। पिटाई के दौरान उनके सीने पर घूंसे मारे गए, जिससे उनकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। बाबूगढ़ चौकी इंचार्ज पर भी जांच के नाम पर उत्पीडन करने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंचे सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने ग्रामीणों को शांत करने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक हंगामा जारी था। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं, ऐसे में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।