हापुड़। सावन मास के पवित्र माह में हापुड़ के बुलंदशहर रोड स्थित श्री मां मंशा देवी मंदिर परिसर से शिवभक्तों का एक जत्था हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष के साथ गोमुख गंगोत्री के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालु गोमुख से गंगाजल लेकर पदयात्रा करते हुए बाबा केदारनाथ ज्योतिर्लिंग का जलाभिषेक करेंगे।
हापुड़ से शिवभक्तों का जत्था रवाना होने से पूर्व मंदिर परिसर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त कर देश की सुख-समृद्धि, समाज की खुशहाली के साथ साथ विश्व कल्याण की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
शिव भक्तों के जत्थे का नेतृत्व महेश तोमर करेंगे। यात्रा में महेश तोमर, सुरेंद्र कुमार, सुनील शर्मा, हरेंद्र तोमर, नगेंद्र बाना, बंटी सिंह, सोनू सैनी, राहुल, प्रशांत, नवीन कुमार, हंसराज खारी, राजेंद्र सहित अनेक शिवभक्त शामिल रहे।