Hamirpur: मनपसंद बाइक नहीं मिलने से भड़का दूल्हा, फिर मंडप से हो गया फरार, पुलिस ने ऐसे कराया समझौता
कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों का आपसी सुलह समझौता करा दिया गया है। कहा कि दोनों पक्ष मान गए हैं। वर पक्ष वधू की विदा करा ले गया है।
विस्तार
हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात आई बारात में दूल्हा को मनपसंद बाइक न मिलने से वह नाराज होकर मंडप से भाग गया। काफी मान मनव्वल के बाद भी जब दूल्हा नहीं लौटा तो वधूपक्ष ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। वहीं पुलिस वरपक्ष को बुलाकर आपसी सुलह समझौता करा बरात विदा कराई।
कस्बा स्थित उपरौस मोहल्ला निवासी रघुराज कुशवाहा की बेटी की शादी बिवांर थानाक्षेत्र के मसगांव निवासी मोहन कुशवाहा के बेटे अंकित से तय हुई। सोमवार रात जब अंकित अपनी बरात लेकर वधू पक्ष के दरवाजे पहुंचा तो वधू पक्ष ने अपनी हैसियत के अनुसार बारातियों का स्वागत किया।
तिलक के दौरान जब वधू पक्ष ने बाइक की चाबी दी, तो दूल्हा अंकित ने बाइक की चाबी फेंक दी और दूसरी बाइक की मांग करने लगा। किसी तरह लोगों ने उसे समझा-बुझाकर तिलक कराया, लेकिन जयमाल के दौरान दूल्हे ने एक बार फिर ड्रामा करते हुए टोपी उतार कर फेंक दी और शादी की रस्में छोड़कर भाग गया।
वधू के भाई लवलेश ने बताया की दहेज में बाइक देना तय हुआ था। तब कौन सी बाइक देना है, उन्हें नहीं बताया गया था। कहा कि हमने दहेज में देने के लिए बाइक खरीद ली। जिसकी चाबी दूल्हे को तिलक के दौरान दी गई। तब वह पैशन प्रो बाइक की डिमांड करने लगा और चाबी फेंक दी।
जैसे-जैसे लोगों ने समझाकर तिलक कराया, लेकिन जयमाल के दौरान दूल्हे ने एक बार फिर ड्रामा कर अपनी टोपी उतारकर फेंकते हुए भाग गया। काफी समझाने के बाद भी जब दूल्हा नहीं लौटा तो उन्होंने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों का आपसी सुलह समझौता करा दिया गया है।