राठ। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से फसलों को नुकसान हो रहा है। रौरों गांव में नाला उफनाने से खेतों में पानी भर गया। जिससे करीब 33 बीघा की फसल को नुकसान है। वहीं नगर के पठानपुरा में सरकारी आवास व कार्यालयों के बाहर जलभराव की समस्या विकराल हो गई है। रौरों निवासी सियाराम दीक्षित ने बताया उनके छोटे भाई रमेश चंद्र दीक्षित दिव्यांग हैं। अपने हिस्से की बीस बीघा जमीन पर खेती करते हैं। इस वर्ष तिल, मूंगफली, मूंग व उड़द की फसल की थी। एक सप्ताह से हो रही बारिश के कारण नटर्रा नाले का पानी उफान मारकर खेतों में भर गया।
जिससे उनकी फसल खराब हो गई है। बताया करन राजपूत की सात बीघा मूंगफली, महिपाल राजपूत की तीन बीघा, करन अहिरवार की एक व मानसिंह राजपूत की दो बीघा उड़द की फसल को नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने राजस्व विभाग से नुकसान के भरपाई की मांग की है। वहीं लगातार हो रही बारिश से नगर में जलभराव की समस्या विकराल होती जा रही है। नगर के पठानपुरा में सीएचसी गेट, आपूर्ति कार्यालय, सिविल कोर्ट, बीएसएनएल कार्यालय आदि के सामने लबालब पानी भरा हुआ है। नगर पालिका की टीम पंप से पानी निकालने का प्रयास कर रही है।

राठ में सिविल जज आवास व आपूर्ति कार्यालय के बाहर भरा पानी निकालते पालिका कर्मचारी- फोटो : HAMIRPUR