हमीरपुर में बिजली संकट: दिनभर होते रहे फाल्ट...दौड़ते रहे अफसर, मोबाइल डिस्चाॅर्ज से लेकर पेयजल तक की समस्या
सरकार के आदेश के बावजूद मुख्यालय में बिजली विभाग के अधिकारी,कर्मचारी शनिवार को भी हड़ताल जारी रखते हुए धरना प्रदर्शन में डटे रहे।
विस्तार
हमीरपुर जिले में विभिन्न मांगों को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार को भी जारी रही। सब स्टेशनों से फाल्ट उड़ते रहे। अधिकारी व कर्मचारी खराबी दूर करने के लिए दिनभर भागते नजर आए। कुछ स्थानों में खराब हुई लाइनों के देर से ठीक होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जहां पेयजल समस्या से लोगों को जूझना पड़ा। सुमेरपुर क्षेत्र के चंदपुरवा फीडर की आपूर्ति 24 घंटे बाद बहाल हो सकी। वहीं कुरारा क्षेत्र में तेज हवाओं के चलते बाधित हुई तीन पावर स्टेशनों से आपूर्ति करीब छह घंटे बाद शुरू कराई जा सकी। सब स्टेशनों में अस्थाई कर्मियों को तैनात करके आपूर्ति कराई जा रही है।
सरकार के आदेश के बावजूद मुख्यालय में बिजली विभाग के अधिकारी,कर्मचारी शनिवार को भी हड़ताल जारी रखते हुए धरना प्रदर्शन में डटे रहे। चंदपुरवा फीडर को 24 घंटे बाद बिजली कर्मियों ने कैनाल फीडर से जोड़कर चालू किया। इससे किसानों के साथ ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
वहीं कस्बा समेत जल्ला व कुसमरा के सब स्टेशनों से निकली बिजली की हाईटेंशन लाइनों में फाल्ट आ गया। जिससे दो दर्जन से अधिक गांवों की बिजली गुल हो गई। लोगों को ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल समस्या का सामना करना पड़ा। कस्बा में इलेक्ट्रॉनिक दुकानदार बिजली आने का इंतजार करते रहे।
वहीं मोबाइल डिस्चार्ज होने के कारण लोग परेशान दिखे। करीब 11:30 बजे फाल्ट सही होने के बाद बिजली आपूर्ति शुरू की गई। भैंसापाली गांव निवासी अरविंद कुशवाहा ने बताया कि बिजली न आने से गांव में पेयजल समस्या हो गई जिससे लोगों को हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ा।
पतारा 132 केवी से कुसमरा, जल्ला, कुरारा सब स्टेशनों को विद्युत आपूर्ति होती है। वही लाइन में फॉल्ट आ जाने से तीनों विद्युत सब स्टेशनों में आपूर्ति बाधित हो गई, जिस को ठीक कराने के लिए प्रयास किया गया। साढ़े 11 बजे विद्युत आपूर्ति शुरू करा दी गई। -विपिन कुमार गुप्ता, खंड विकास अधिकारी
बिजली गुल हो...तो घुमाएं फोन
- आरआर शर्मा - 88588530525 - सायं 8 से सुबह 8 बजे तक
- देवेन्द्र कुमार - 8707004103 - सायं 8 से सुबह 8 बजे तक
- बलवीर - 9621731500 - सुबह 8 से सायं 8 बजे तक
- राम बिहारी - 8127156814 - सुबह 8 से सायं 8 बजे तक
मोबाइल हुए डिस्चार्ज
रिठारी गांव निवासी राजू सिंह ने बताया कि लाइट गुल हो जाने से मोबाइल चार्ज नहीं हो सका। जिससे जरूरी काल करने के लिए खासी परेशानी हुई। बताया कि इनवर्टर वालों के यहां मोबाइल चार्ज कराने के लिए जाना पड़ा।
बंद रहे फ्रिज
कस्बे के दुकानदार योगराज ने बताया कि बिजली गुल होने से कोल्डड्रिंक न होने की वजह से ग्राहकों को लौट कर वापस जाना पड़ा। साढ़े 11 बजे के बाद बिजली आने के बाद फ्रिज चालू हो सके।