राठ। रोडवेज बस स्टैंड के आसपास से डग्गामार वाहनों को हटाया गया। इस दौरान पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली का खुलासा हुआ।
गुरुवार को एसडीएम पवन पाठक, पीटीओ, एआरएम राजकुमार उक्त स्थान पर पहुंचे। वाहन चालकों से वाहन हटाने को कहा। चालकों ने नगर पालिका द्वारा पार्किंग शुल्क वसूले जाने की बात कही। एसडीएम ने मौके पर पालिका कर्मचारियों को बुलाया। कर्मचारियों ने बताया कि उक्त स्थान की पार्किंग का ठेका दिया गया था। इसकी अवधि काफी पहले समाप्त हो चुकी है। जांच में पाया गया कि नगर पालिका के नाम पर अवैध रूप से पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा है। एसडीएम ने जांच व कार्रवाई की बात कही। वहीं बस स्टैंड के आसपास प्राइवेट बसों व डग्गामार वाहनों पर रोक लगाने के पुलिस को निर्देश दिए।
एआरएम राजकुमार ने बताया कि मल्हौंवा रोड पर अवैध रूप से झांसी प्राइवेट बस स्टैंड बना था जिसे हटाया गया है। चिन्हित टैक्सी स्टैंडों पर ही प्राइवेट आटो खड़े होंगे। इस दौरान तहसीलदार अभिनव चंद्रा, सफाई निरीक्षक सोमदत्त चौरसिया, नगर पालिका के प्रधान लिपिक विजय कुमार मौजूद रहे।