कुरारा (हमीरपुर)। झलोखर गांव में सोमवार सुबह गैस सिलिंडर में रिसाव के बीच माचिस की तीली जलाते समय कोटेदार के घर में आग लग गई। घर में बेटी की शादी के लिए रखे डेढ़ लाख रुपये सहित गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया।
शीतल प्रसाद राशन कोटेदार है। सुबह छह बजे बेटी प्रीती ने चाय बनाने के लिए गैस सिलिंडर में तीली लगाई तभी रिसाव के कारण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर में फैल गई। इससे डेढ़ लाख रुपये नकद, एक क्विंटल गेहूं, तीन क्विंटल मटर और गृहस्थी का सामान जल गया। बड़ी बेटी प्रीती की शादी मौदहा कोतवाली क्षेत्र के अरतरा गांव में तय की है। 10 अप्रैल को गोद भराई व तीन मई को शादी तय है। उसका तीन लाख का नुकसान हुआ है। काफी समय बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची, तब तक ग्रामीणों की मदद से आग बुझा ली गई। लेखपाल को सूचना देकर आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।