मौदहा। रेलवे स्टेशन पर आपातकालीन आरक्षण चार दिनों से बंद है। इससे यात्रियों को खासी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है।
रागौल रेलवे स्टेशन भीमसेन से खैरार जंक्शन के बीच सबसे अधिक आय प्रदान करने वाला स्टेशन है, लेकिन यह स्टेशन यात्रियों को सुविधा प्रदान करने में हमेशा फिसड्डी रहा है। बुधवार को रेलवे आरक्षण खिड़की के बाहर खड़े यात्रियों को उस समय निराश होना पड़ा, जब स्टेशन मास्टर ने कहा कि कंप्यूटर रूम में बिजली नहीं आ रही है, जबकि स्टेशन पर जनरेटर की सुविधा उपलब्ध है। इन सब के बावजूद यात्रियों को आरक्षण का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
कम्हरिया गांव निवासी मोहम्मद वसीम ने बताया कि वह झांसी से हैदराबाद जाने के लिए रिजर्वेशन कराने के लिए दो दिन से चक्कर लगा रहे हैं। विभागीय लोगों द्वारा कोई न कोई बहाना बनाकर उसे लौटा दिया जाता है। योगेश सोनकर ने भी समस्या से परेशान होकर कार्रवाई की मांग की है। स्टेशन मास्टर अशोक कुमार ने कहा कि काफी दिनों से सीपीयू खराब होने के चलते समस्या आ रही है। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।