{"_id":"5d4475d98ebc3e6cea1772e7","slug":"women-got-triple-talaq-message-from-saudi-arab-kushinagar-up","type":"story","status":"publish","title_hn":"सऊदी अरब से फोन पर दे दिया तीन तलाक, ससुर ने चेक थमा किया रिश्ता खत्म होने का एलान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सऊदी अरब से फोन पर दे दिया तीन तलाक, ससुर ने चेक थमा किया रिश्ता खत्म होने का एलान
Sat, 03 Aug 2019 05:44 AM IST
Abhishek Singh
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कुशीनगर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कुशीनगर
Published by: Abhishek Singh
Updated Sat, 03 Aug 2019 05:44 AM IST
विज्ञापन
तीन तलाक पीड़िता को चेक देते ससुर
- फोटो : Social Media
एक साथ तीन तलाक को अपराध घोषित करने के दूसरे ही दिन कुशीनगर के नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के युवक ने सऊदी अरब से फोन पर बीवी को तलाक दे दिया। यही नहीं, ससुर ने पंचायत में डेढ़ लाख के दो चेक थमाकर फोटो खींचने के साथ ही रिश्ता खत्म होने का एलान कर दिया। इस घटना से पीड़िता और उसके मायके वाले परेशान हैं। शुक्रवार को पीड़िता के पिता ने नेबुआ नौरंगिया थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
वर्ष 2014 में खड्डा के जखिनिया गांव के अहमद अली की पुत्री फातिमा खातून (25) की शादी नेबुआ नौरगियां क्षेत्र के शोभा छपरा गांव के अब्दुल रहीम के पुत्र तराबुद्दीन के साथ हुई थी। तहरीर के अनुसार फातिमा की शादी में खर्च करने के लिए माता-पिता ने खेत तक गिरवी रख दिया था। शादी के बाद चार माह बाद तराबुद्दीन सऊदी अरब चले गए।
विज्ञापन
पीड़िता के अनुसार पति जब घर आते तो उसकी उपेक्षा करते थे। झारखंड की एक महिला की फोटो दिखाकर उसके साथ शादी की बात कर उसे प्रताड़ित करते थे। यही नहीं, सास-ससुर, ननद और पति के मामा-मामी भी उसे प्रताड़ित करते थे। आंख में तेजाब डालने की धमकी दी जाती थी। सब कुछ बर्दाश्त करके वह किसी तरह जीवन यापन कर रही थी।
विज्ञापन
बकौल फातिमा, एक अगस्त को ससुर अब्दुल रहीम ने पति से उसकी बात कराई तो तराबुद्दीन ने फोन पर ही उसे तीन तलाक दे दिया और कहा कि अब हमारे बीच कोई रिश्ता नहीं रहा। जानकारी होने पर फातिमा के माता-पिता गुरुवार को बेटी की ससुराल पहुंचे तो पंचायत बुलाई गई। उसमें डेढ़ लाख रुपये के दो चेक फातिमा खातून को देकर फोटो खींची गई और पहले से लिखे स्टांप पेपर पर अंगूठा लगवाकर रिश्ता खत्म करने का एलान कर दिया गया।
उधर, इस बाबत जब फातिमा के ससुर अब्दुल रहीम से पूछा गया तो पहले उन्होंने कहा कि बेटे ने फोन पर तीन तलाक दिया है। बाद में पलटते हुए कहा कि छुट्टा-छुट्टी का कागज बना है। अब दोनों साथ नहीं रहेंगे। सीओ नवीन कुमार नायक ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।