यूपी: पान खाकर पढ़ाते मिले शिक्षक, सचिव ने किया निलंबित
उत्तर प्रदेश एससी-एसटी आयोग की सचिव उर्मिला देवी सोनकर ने शुक्रवार को गौरीबाजार और बैतालपुर ब्लॉक के अस्पताल, विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय में जिंस पैंट पहन और पान खाकर पढ़ाते मिले प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया। पठन-पाठन की गुणवत्ता और एमडीएम की व्यवस्थाओं से भी वह असंतुष्ट दिखीं। सीएचसी में दुर्व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को दी है।
दोपहर बाद करीब पौने दो बजे सचिव सबसे पहले गौरीबाजार ब्लॉक के मठिया माफी प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय पहुंची। यहां सब कुछ ठीक मिला। प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय इंदूपुर द्वितीय में निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक आशीष सिंह जिंस पैंट और टीशर्ट पहन मुंह में पान दबाए कक्षा में बैठे मिले। यह देख भड़कीं सचिव ने कड़ी फटकार लगाई। कक्षाओं में जाकर बच्चों को हिंदी वर्णमाला की किताब पढ़ने को कहा। ज्यादातर बच्चे सही उच्चारण नहीं कर सके। नौ और बारह का पहाड़ा भी बच्चे नहीं सुना सके।
जांच में विद्यालय के अंदर मिड-डे-मील की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं मिली। प्रधानाध्यापक से व्यवस्थाओं पर जवाब तलब किया तो वह टालमटोल करने लगा। उन्होंने प्रधानाध्यापक पर कार्रवाई की संस्तुति करते हुए बीएसए को निर्देशित किया। बीएसए ने तत्काल प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया। इसके बाद वह गौरीबाजार सीएचसी पर पहुंची। यहां एक्सरे कक्षा, भोजन वार्ड, प्रसव कक्ष आदि का जायजा लिया। वार्डों में बेड पर चादर नहीं बिछा था। आशाएं तय यूनिफार्म में नहीं थी। प्रसव रजिस्टर की जांच में पता चला कि एक प्रसूता को दस घंटे बाद ही घर भेज दिया गया, जबकि उन्हें 48 घंटे तक अस्पताल में ही रखने का नियम है।
एक्सरे टेक्निशियन अरविंद राय को अनियमितता पर फटकार लगाई। डॉ.रतनलाल कन्नौजिया को साफ-सफाई और व्यवस्थाएं सुधारने का निर्देश दिया। बैतालपुर ब्लाक के मिश्रौलिया में संचालित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के निरीक्षण में पठन-पाठन, सफाई, भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं पर उन्होंने संतोष जताया।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय मिश्रौलिया में 201 नामांकन के समक्ष 149 और प्राथमिक विद्यालय 263 में 190 बच्चे मौजूद मिले। निरीक्षण के दौरान बीएसए ओमप्रकाश यादव, डीपीओ प्रभात कुमार, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी उपेंद्र मणि, बीईओ गोपाल शरण मिश्र, अंजनी सिंह, अशोक कुमार सिंह, संजय कुमार तिवारी, लाल बहादुर, अजय कुमार आदि मौजूद रहे।