फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   Tazia julus on occasion of Moharram

कर्बला में दफन किए गए ताजिए

Wed, 12 Oct 2016 08:57 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर। Updated Wed, 12 Oct 2016 08:57 PM IST
विज्ञापन
Tazia julus on occasion of Moharram
मोहर्रम पर निकाली गई ताजिए की जुलूस। - फोटो : Shivharsh Dwivedi
हजरत इमाम हुसैन और उनके 72 वीर साथियों की शहादत की याद में दसवीं मोहर्रम पर जुलूस की शक्ल में ताजियों के साथ अकीदतमंदों का हुजूम निकला। यह जुलूस इमाम चौकों से निकला, जहां उन्होंने नवीं मोहर्रम पर ताजियों को स्थापित कर रखा था। ताजियों को लेकर वे करबला पहुंचे और वहां उसे दफन करने की रवायत पूरी की।
विज्ञापन


ताजियों के साथ अकीदतमंदों के निकलने का सिलसिला 10 बजे के करीब शुरू हुआ। तरह-तरह के आकार के भव्य ताजियों के विभिन्न अखाड़ों के लोग करतब दिखाते चल रहे थे। कुछ युवा तो ऐसे-ऐसे करतब दिखा रहे थे कि लोगों को आश्चर्य चकित कर दे रहे थे। जुलूस में बैंडबाजे और शहनाई की मातमी धुन इमाम हुसैन की शहादत की लगातार याद दिला रही थी। कंकड़, गेहूं, अल्युमिनियम, बांस, कागज और शीशे के बने ताजिये लोगों का ध्यान बरबस खींच रहे थे। सड़कों पर पैकर घूम रहे थे, जो ताजिया देख दौड़कर पहुंच रहे थे और मोर पंख झलकर श्रद्धा व्यक्त कर रहे थे।
विज्ञापन


उधर, इस अवसर पर घर-घर फातिहा पढ़ने का सिलसिला भी जारी था। छोटे ताजिए दिन में निकले, जबकि बड़े ताजियों के निकलने का समय शाम से लेकर रात तक रहा। सभी ताजिये गोलघर, घंटाघर, रेती चौक, बक्शीपुर, बेनीगंज, ईदगाह रोड, जाफरा बाजार होते हुए करबला तक पहुंच रहे थे। ताजिया दफन करने के बाद जुलूस वापस अपने-अपने इमाम चौक तक आ रहा था, जहां उसके समाप्ति का एलान हो रहा था। सभी जुलूसों का नेतृत्व इमामबाड़ों के मुतवल्ली कर रहे थे। इस दौरान गरीबों में खाना, शर्बत, खिचड़ी भी बांटी गई। इससे पहले अकीदतमंदों ने गुस्ल किया और खुदा की इबादत की। तिलावत-ए-कलाम पाक किया गया और मजलिस लगी। इसमें इमाम हुसैन की कुर्बानी पर प्रकाश डाला गया। 
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइन की ताजिया रहीं आकर्षण व श्रद्धा का केंद्र

यौमे आशूर यानी दस मोहर्रम का सूरज डूबा तो शामे गरीबां आ गई। कर्बला में हुसैन और उनके साथियों की शहादत के बाद उनके खेमे जला दिए गए। दस मोहर्रम पर बुधवार की सुबह से जुलूसों का जो सिलसिला शुरू हुआ वह रात भर जारी रहा। इस दौरान लगभग सभी प्रमुख सड़कों पर भीड़ उमड़ी रही। सड़कें ताजियों के जुलूस से गुलजार रहीं और हर लबों पर या हुसैन की सदाएं रही। लाईन की ताजिया लोगों के विशेष आकर्षण व श्रद्धा का केंद्र रहीं जो सबसे लंबी और खूबसूरत होती हैं। हस्तकला की बेहतरीन मिसाल पेश करने वाले ये ताजिये सभी की श्रद्धा व आकर्षण का केंद्र थे। तुर्कमानपुर नूरी मस्जिद में मजलिस जिक्र-ए- शोहदा-ए-करबला का आयोजन हुआ। इसके बाद लंगर बांटा गया। मोहल्ला रसूलपुरए जमुनहिया, गोरखनाथ, हुमायूंपुर, रेलवे स्टेशन, जटेपुर, शाहपुर घोसीपुरवा, अंधियारी बाग, जाफरा बाजार समेत विभिन्न इमाम चौकों से निकले जुलूस सुबह से ही सड़कों पर दिखाई देने लगे थे। 

नदी में विसर्जित किए गए शिया समुदाय के ताजिये

यौमे अशूर यानी मोहर्रम की दसवीं पर बुधवार को शिया समुदाय के लोग मातमी जुलूस के साथ अपने ताजिया लेकर राजघाट पहुंचे और राप्ती नदी में विसर्जित किया। इस जुलूस में हजरत इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए अकीदतमंद नौहाख्वानी, मर्सिया पढ़ते हुए मातम कर रहे थे। जुलूस इमामबाड़ा आगा खां साहेबान से निकला और रेती चौक, घंटाघर, बसंतपुर होते हुए राजघाट पहुंचा, जहां ताजिये के विसर्जन की रवायत पूरी की गई। विसर्जन के बाद अकीदतमंद शाम को शेखपुर स्थित इमामबाड़ा पहुंचे, जहां खादिम कदा मेें शाम-ए-गरीबां का आयोजन हुआ। यहां बिल्कुल अंधेरा किया गया था, रोशनी का नितांत अभाव था।

इस दौरान इमाम हुसैन की शहादत पर प्रकाश डाला गया तो माहौल गमगीन हो गया। सबने कहा कि हजरत इमाम हुसैन इंसानियत का पैगाम देने के लिए आए थे। उन्होंने अपने पूरे परिवार, 72 साथियों समेत खुद की कुर्बानी देकर इंसानियत को जिंदा रखा और गैर मुस्लिम और मुस्लिम सभी को इंसानियत के मायने बताए। अंजुमन हुसैनिया के जिलाध्यक्ष सिब्ते हसन रिजवी ने बताया कि दस मोहर्रम के दिन नमाज तक कुछ भी न खाने वाले शिया समुदाय के लोगों ने भुने हुए अनाज, जिनमें चना, जौ, गेहूं आदि शामिल था, खाया और पानी पिया।

पुरस्कृत किए गए खूबसूरत ताजिये

मोहर्रम कौमी एकता कमेटी के अध्यक्ष सैयद इरफान अली और उपाध्यक्ष आफताब अहमद के नेतृत्व में हर बार की तरह इस बार भी दसवीं मोहर्रम पर असुरन चौराहे पर पुरस्कार वितरण का आयोजन किया गया। इसमें घोषीपुरवा, शाहपुर, भेड़ियागढ़, खरैया पोखरा, बिछिया, बौलिया, अहमदनगर, चक्सा हुसैन समेत 70 से अधिक ताजियों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान मुतवल्ली और अखाड़े के खिलाड़ी भी सम्मानित किए गए। इस दौरान जावेद खान, आसिफ खान, इरफान अहमद, अफरोज खान, राणा राहुल सिंह, अजय यादव, हाफिस हदीस, गोलू सिंह, संतोष, प्रमोद, शक्ति पांडेय आदि मौजूद रहे। इसके अलावा भी विभिन्न कमेटियों द्वारा जगह-जगह मंच लगाकर ताजियों के जुलूसों का जोरदार खैरमकदम किया गया और उत्कृष्ट ताजियों को पुरस्कृत भी किया गया। 

तीजे तक चलेगा इमामबाड़े में मेला

इमामबाड़ा स्टेट के प्रशासनिक अधिकारी जुल्फेकार अहमद मुन्ना ने बताया कि मोहर्रम के अवसर पर इमामबाड़ा स्टेट परिसर में लगा मेला तीजे तक चलेगा। मोहर्रम की दसवीं तारीख पर भी शनिवार को मेला परिसर में लोगों की भीड़ उमड़ी रही और सभी ने जियारत के साथ ही मेले का लुत्फ  भी उठाया।

मियां साहब ने जताया आभार

मोहर्रम के आयोजनों के सकुशल संपन्न होने पर इमामबाड़ा स्टेट के सज्जादानशीन अदनान फर्रुख अली शाह मियां साहब ने जिला एवं पुलिस प्रशासन, स्वयंसेवी संस्थाओं, नागरिक सुरक्षा, स्काउट एवं गाइड, अपराध निरोधक समिति आदि के प्रति आभार व्यक्त किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed