कुंभ : रोडवेज के दावे फेल, यात्री भटके
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रोडवेज प्रशासन का दावा था कि शुक्रवार से ही गोरखपुर क्षेत्र से कुंभ के लिए 1320 बस चलाई जाएंगी। इसके लिए गाजियाबाद, सहारनपुर, मेरठ और मुरादाबाद से बसें मंगाई जाने वाली थीं। मगर सूत्रों के मुताबिक जरूरत के मुताबिक बसें नहीं मिल सकीं। नतीजतन शुक्रवार से ही प्रयागराज जाने वाले यात्रियों को तमाम दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को भी देर शाम तक पैडलेगंज, रुस्तमपुर, टीपी नगर और नौसड़ में लोग बसों के इंतजार में घंटो खड़े रहे।
कस्बों में भी बसें तलाशते रहे
रोडवेज प्रशासन ने बड़हलगंज, बांसगांव, गगहा, कौड़ीराम, खजनी, सिकरीगंज और उरुवा से भी बसें चलाने का दावा किया था मगर इन स्थानों पर भी लोगों को बसों के इंतजार में काफी देर तक खड़े रहना पड़ा।
प्रयागराज जाने वाली ट्रेनें रहीं फुल
प्रयागराज जाने वाली विभिन्न ट्रेनें फुल रहीं। बढ़नी-गोरखपुर-दुर्ग एक्सप्रेस से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुबह ही प्रयागराज के लिए रवाना हुए। स्लीपर बोगी में भी लोग खड़े होकर यात्रा करते नजर आए। ऐसा ही हाल प्रयागराज जाने वाली सभी ट्रेनों का रहा। स्टेशन पर देर रात तक भारी भीड़ लगी रही।
कुंभ के लिए बसें नहीं मिलीं, सड़क पर उतरे श्रद्धालु
गोला कस्बे के पश्चिमी चौराहे पर घंटों इंतजार के बाद बस नहीं पहुंची तो प्रयागराज जाने के लिए खड़े यात्रियों ने बड़हलगंज मार्ग पर जाम लगा दिया। हंगामे की सूचना पर पुलिस बल के साथ पहुंचे इंस्पेक्टर नासिर हुसैन ने लोगों को समझाया और रोडवेज के अधिकारियों से बात करके तत्काल बस भेजने का भरोसा दिया। उसके बाद लोग शांत हुए। वहीं बड़हलगंज स्टेशन पर सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं को दुश्वारियां झेलनी पड़ीं।
बड़हलगंज में 100 बसों का इंतजाम करने का दावा किया गया था। मगर स्थिति कुछ और ही रही। शुक्रवार व शनिवार को बड़हलगंज में बसों का अकाल रहा। श्रद्धालु बसों की प्रतीक्षा में स्टेशन पर डटे हुए हैं। कुछ बसे आ रही थीं तो उसमें पहले से ही पैर रखने की जगह नहीं थी। कौड़ीराम में ही बसें भर जा रही थीं।