फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   जश्न से हुआ नए साल का इस्तकबाल

जश्न से हुआ नए साल का इस्तकबाल

Mon, 01 Jan 2018 01:16 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोरखपुर।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोरखपुर। Updated Mon, 01 Jan 2018 01:16 AM IST
विज्ञापन
जश्न से हुआ नए साल का इस्तकबाल
नए साल के स्वागत में गोरखपुर क्लब में झूमते लोग। - फोटो : Amar Ujala
नव वर्ष को मंगलमय करने के उल्लास में रविवार सुबह से देर रात तक शहरवासी डूबे दिखे। हर ओर 2017 की विदाई और 2018 के अभिनंदन की गूंज रही। आधी रात को जैसे ही नव वर्ष ने दस्तक दी, लोगों ने आतिशबाजी से उसका स्वागत किया। समूचा शहर एकबारगी रोशनी से नहा उठा। नए साल के आगमन पर युवाओं व बच्चों में विशेष उत्साह दिखा। देर रात तक पार्टियों और सैरसपाटे का दौर चला।
विज्ञापन


वर्ष के अंतिम दिन दोपहर से ही सड़क पर युवाओं की चहलपहल बढ़ गई थी। हालांकि, सर्द हवाएं लोगों के उल्लास को चुनौती दे रही थीं। लेकिन युवाओं के जोश की गर्मी ठंड पर भारी पड़ी। उपहार के माध्यम से ‘नव वर्ष मंगलमय’ कहने के लिए फूल, कार्ड व गिफ्ट की दुकानों पर पूरे दिन भीड़ लगी रही। गोलघर के होटल व रेस्तरां भी सुबह से नववर्ष के आगमन के लिए तैयार किए जाने लगे। शाम के बाद जो रौनक बढ़ी, वो देर रात तक जारी रही। नगर के विभिन्न स्थानों पर दावतों का दौर भी देर रात तक चलता रहा।
विज्ञापन


नेपाल और कुशीनगर की पिकनिक
ट्रैवल एजेंसी संचालक फैज अहमद ने बताया कि नए साल का जश्न मनाने के लिए शहर के लोग नेपाल और कुशीनगर भी गए हैं। पिछले साल नोटबंदी के चलते नए साल पर पिकनिक के लिए कम लोग निकले थे। लेकिन इस बार काफी संख्या में लोग नए साल का इस्तकबाल सैरसपाटे के साथ करते नजर आएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन


खूबसूरत बुके की रही होड़
नववर्ष पर फूलों से बधाई देने के लिए युवाओं में विशेष जोर दिखा। दोपहर से ही गोलघर पर बुके बनवाने के लिए युवाओं की भीड़ जुटने लगी। मेरा बुके सबसे खूबसूरत हो, इसके लिए लोगों में होड़ दिखी। मांग को देखते हुए फूलों के विक्रेता मुंहमागी कीमत वसूलते देखे गए।

सोशल साइट्स पर संदेशों की बाढ़
नए साल के स्वागत का उल्लास सोशल साइट्स पर भी छाप छोड़ गया। तरह-तरह के संदेशों से लोग इष्ट-मित्रों को नववर्ष की मुबारकबाद देते रहे। रात के बारह बजते-बजते सोशल साइट्स पर ऐसे संदेशों की बाढ़ सी आ गई।

सिटी मॉल में रही रौनक
नए वर्ष की पूर्व संध्या पर सिटी मॉल में खूब रौनक दिखी। सुबह से ही युवाओं की आवाजाही रोज के मुकाबले काफी ज्यादा थी। मॉल स्थित मल्टी प्लेक्स की सभी स्क्रीनों की ज्यादातर सीटें शो के दौरान भरी रहीं। विजय सिनेमा में भी शो हाउसफुल रहे।

होटलों में रही भीड़, हुए कार्यक्रम
शहर के विभिन्न होटलों में भी तरह-तरह से न्यू ईयर सेलीब्रेट किया गया। कहीं गीत संगीत की महफिल सजी तो कहीं डांस कर युवाओं ने नववर्ष का स्वागत किया। होटल क्लार्क में गजल संध्या से लोगों ने न्यू ईयर का वेलकम किया। डिनर प्वाइंट पर भी विभिन्न कार्यक्रम हुए।

एमएमएमयूटी में हुआ कार्यक्रम
मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में वूमेन क्लब की अध्यक्ष वंदना सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित हुआ। बहुउद्देश्यीय हॉल में हुए कार्यक्रम में छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से नए साल का स्वागत किया।

चर्चों में हुई मिड नाइट सर्विस, मना जश्न
शहर के विभिन्न चर्चों में विशेष प्रार्थना का दौर चला। रात के 12 बजते ही चर्च आतिशबाजी से चमक उठे। लोगों ने एक-दूसरे के गले लगकर नए साल की बधाई दी। बड़ी संख्या में मसीही समुदाय के लोग शाम ढलते ही गिरजाघरों में पहुंचे। 2017 की उपलब्धियों की चर्चा की और नए वर्ष की शुभकामना दी। कई गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं। सेंट जॉन्स चर्च बशारतपुर में पादरी संजय विंसेंट ने विश्व शांति की स्थापना का संदेश दिया। सेंट जोसेफ गिरजाघर में पूजा, यूनियन चर्च में प्रार्थना, सेंट जोंस चर्च बशारतपुर व क्राइस्ट चर्च में मिडनाइट सर्विस, सेंट एंड्रयूज चर्च कौवाबाग, सेंट थामस चर्च धर्मपुर, सेंट मार्टिन चर्च खरैया पोखरा, यूनियन चर्च खजांची चौक में प्रार्थना का आयोजन किया गया।

जश्न में डूबा रहा गोरखपुर क्लब 
शहर के होटल, क्लब और रेस्टोरेंटों में धूमधाम से नए साल के स्वागत हुआ। मस्ती में डूबे लोग घड़ी के 12 बजाते ही एक दूसरों को गले लगाकर हैप्पी न्यू ईयर और शुभकामनाएं देने लगे। गोरखपुर क्लब में नए साल के स्वागत की खास तैयारियां थी। लखनऊ से आए बैंड ने धुन बिखेरी तो क्लब के सदस्यों के पांव खुद-ब-खुद थिरकने लगे। 
गोरखपुर क्लब में कार्यक्रमों का दौर शाम से शुरू हुआ, जो वक्त बीतने के साथ परवान चढ़ते गए। रात 12 बजे नए साल के आगमन का जश्न भी जोरदार रहा। क्लब के सचिव पीयूष बंका ने बताया कि नए साल के स्वागत की तैयारी भी खास की गई।  ठंड और कोहरे को देखते हुए वाटरप्रूफ टेंट लगाए गए। बच्चों और बुजुर्गों को ओस से दिक्कत न हो इसका खास ख्याल रखा गया। कार्यक्रम के दौरान कमिश्नर अनिल कुमार और डीआईजी नीलाब्जा चौधरी की भी मौजूदगी रही। 


सेल्फी के विशेष इंतजाम, सुरक्षा के भी पुख्ता प्रबंध 
गोरखपुर क्लब में कई जगह सेल्फी प्वाइंट बनाए गए थे। क्लब के अंदर लगभग 10 जगह बड़ी एलईडी लगाई गई थी, पसंदीदा शॉट आने पर लोगों में सेल्फी की होड़ दिखी। सुरक्षा का खासा इंतजाम थे। पूरे परिसर की छह सीसी कैमरे के अलावा ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की गई।  
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed