UP: डिप्टी सीएमओ को घूस लेते रंगे हाथों पकड़ा, अल्ट्रासाउंड क्लीनिक खोलने की अनुमति देने को मांगे थे 55 हजार
विजिलेंस टीम ने एक स्वास्थ्य अधिकारी को कथित रूप से 55 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोप था कि निजी चिकित्सा केंद्र से संबंधित फाइल आगे बढ़ाने के बदले धनराशि मांगी गई थी। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद कार्रवाई की गई।
विस्तार
विजिलेंस ने इटावा के डिप्टी सीएमओ डॉ. श्रीनिवास यादव को बुधवार को 55 हजार रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। उन पर अल्टासाउंड क्लीनिक स्थापित करने की मंजूरी देने के बदले घूस मांगने का आरोप में कार्रवाई की गई है।
आईजी विजिलेंस मंजिल सैनी ने बताया कि बीती 4 जून को एक शिकायतकर्ता ने विजिलेंस के कानपुर सेक्टर में प्रार्थना पत्र दिया, जिसमें उसने बताया कि अपनी पत्नी के नाम से श्री जी अल्ट्रासाउंड क्लीनिक खोलने के लिए सीएमओ कार्यालय में आवेदन किया था।
डिप्टी सीएमओ डॉ. श्रीनिवास यादव ने पत्रावली आगे बढ़ाने के लिए 55 हजार रुपये की घूस मांगी है। विजिलेंस ने उसकी शिकायत की जांच की जो सही पाई गई। इसके बाद डिप्टी सीएमओ को घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार करने के लिए कानपुर सेक्टर की टीम इटावा के सीएमओ कार्यालय भेजी गई। जैसे ही डिप्टी सीएमओ ने शिकायतकर्ता से घूस की रकम अपने हाथों में ली, नजदीक मौजूद टीम ने छापा मारकर उन्हें दबोच लिया। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
घूस मांगने की करें शिकायत
आईजी ने बताया कि विजिलेंस द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जाती है। यदि कोई लोक सेवक (राजपत्रित/अराजपत्रित) द्वारा सरकारी कार्य के बदले घूस मांगी जाती है तो रिश्वत विरोधी हेल्पलाइन नंबर-9454401866 व 9454401872 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।