परसपुर (गोंडा)। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि ये जो विभीषण हैं, इनकी वजह से ही आज समाज गुमराह होकर सपा, बसपा व कांग्रेस को वोट डाल देता है। इन सभी ने हमारा आरक्षण छीना है। यही नेता आज भाजपा में आकर उसे नुकसान पहुंचा रहे हैं। इस यात्रा के माध्यम से ऐसे लोगों को जगाने की कोशिश की जा रही है। परसपुर में सोमवार को संवैधानिक अधिकार न्याय यात्रा लेकर पहुंचे निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ने कहा, हमारे पुरखों ने प्रभु श्रीराम को भी पार उतारा था। देश को भी आजाद कराया था। आज निषाद समाज को जगाने व बताने आया हूं। यात्रा परसपुर पहुंचने पर पर कुन्ना निषाद, सोनू, सुरेश, राजेश, मुन्नालाल निषाद आदि ने स्वागत किया। इससे पहले करनैलगंज में गुरुवचन निषाद की अगुवाई में बस स्टॉप चौराहे पर निषाद पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं के साथ डॉ. संजय निषाद का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रयागराज निषादराज की भूमि है। हम गंगा पुत्र हैं। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग करते हैं कि निषादराज के टीले पर भगवान श्रीराम के साथ निषाद राज की भव्य प्रतिमा का स्थापना की जाए। मिल्कीपुर उपचुनाव पर कैबिनेट मंत्री ने कहा, मिल्कीपुर में 50 हजार निषाद समाज का वोट है। हमारा समाज कांग्रेस, सपा, बसपा के विभीषणों को जवाब देते हुए मिल्कीपुर से एनडीए के प्रत्याशी को विजयश्री दिलाएगा। जिला अध्यक्ष रामानंद निषाद, अवधेश, ओमप्रकाश निषाद आदि लोग मौजूद रहे। (संवाद)