गोंडा। डीएम ने भ्रष्टाचार के आरोप में तकनीकी सहायक की सेवा समाप्त कर दी है। तकनीकी सहायक ने विकासखंड बेलसर की ग्राम पंचायत मरगूबपुर में बिना कार्यस्थल पर गए भुगतान कर दिया था। इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की गई थी। डीएम ने बताया कि राम उबारन तिवारी तकनीकी सहायक बेलसर को मनरेगा के नियमों के प्रावधानों का उल्लंघन करने, कार्य स्थल पर उपस्थिति न होकर कार्य का मापांकन करने एवं मानक के अनुसार बिना कार्य कराये ही एमबी में कार्य का अंकन करने का दोषी पाया गया। संविदा पर तकनीकी सहायक के पद पर कार्यरत राम उबारन तिवारी तकनीकी सहायक की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है।
रामअचल पुत्र रामअलख एवं सुरेश पुत्र साहबराम ने शपथ पत्र पर शिकायत की थी। उपायुक्त श्रम-रोजगार द्वारा ग्राम पंचायत-मरगूबपुर विकासखंड बेलसर में कराये जा रहे कार्यों की स्थलीय जांच की। ग्राम पंचायत मरगूबपुर में स्थलीय जांच में पाया गया कि 02 व्यक्तिगत लाभार्थीपरक खेत में मेड़बंदी का कार्य कराए बिना ही भुगतान किया गया है। वित्तीय वर्ष 2020-21 का है जिसकी प्राक्कलित लागत 47626 के सापेक्ष 39396 का व्यय किया गया है। इस कार्य पर 14 परिवारों को 196 मानव दिवस का भुगतान 201 रुपए प्रति श्रमिक प्रति मानव दिवस के दर से कुल धनराशि 39396 किया गया है। इस प्रकार बिना कार्य कराये ही कार्य का माप मापी-पुस्तिका में अंकित करते हुए कुल धनराशि 39396 का गलत भुगतान कराया गया।