धानेपुर (गोंडा)। कैसरगंज के भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा है कि मनसे प्रमुख राज ठाकरे के पास प्रभु श्रीराम के दर्शन करने का अच्छा मौका था, लेकिन उन्होंने छोड़ दिया। कहा कि जब तक किसी भक्त के कमर में अकड़ रहती है, तब तक वह भगवान को सजदा नहीं कर सकता। सांसद कस्बे के हनुमानगढ़ी मंदिर पर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने पांच जून को अयोध्या चलो उत्तर भारतीय जन स्वाभिमान यात्रा को लेकर उन्होंने कार्यकर्ताओं से चलने की अपील की। कहा कि मैंने जनता के स्वाभिमान के लिए हमेशा लड़ाई लड़ी है। महाराष्ट्र में राज ठाकरे के संगठन ने उत्तर भारतीयों का उत्पीड़न किया। राज ठाकरे ने उत्तर भारतीयों को चोर कहकर अपमानित किया और उन्होंने अयोध्या आने का प्रयास किया तो मैंने उनसे क्षमा मांगकर अयोध्या की सीमा में प्रवेश करने की चेतावनी दी। कहा कि अपार जनसमर्थन मिलने से राज ठाकरे को अयोध्या का कार्यक्रम बदलना पड़ा। सांसद ने कहा कि पांच जून को अयोध्या पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिवस मनाएंगे।