Gonda News : रामलीला देखने जा रहे ढाबा संचालक की गोली मारकर हत्या
कोतवाली करनैलगंज के पतिसा निवासी सुनील कुमार शुक्ल (22) परसपुर रोड पर ढाबा चलाता है। बुधवार की रात वह ढाबा बंद करने के बाद अपने मौसेरे भाई परमचंद तिवारी उर्फ लल्लन निवासी धमरैया परसपुर के साथ रामलीला देखने जा रहा था।
विस्तार
गोंडा जिले में उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के खमरौनी गांव में चल रही रामलीला देखने जा रहे ढाबा संचालक की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद परिजनो में कोहराम मच गया। पिता ने थाने में एक व्यक्ति को नामजद करते हुए दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
खमरौनी गांव में शतचंडी महायज्ञ का आयोजन किया गया है। यहां दिन में महायज्ञ और रात में रामलीला प्रस्तुत किया जा रहा है। रामलीला देखने के लिए यहां काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट रही है। कोतवाली करनैलगंज के पतिसा निवासी सुनील कुमार शुक्ल (22) परसपुर रोड पर ढाबा चलाता है। बुधवार की रात वह ढाबा बंद करने के बाद अपने मौसेरे भाई परमचंद तिवारी उर्फ लल्लन निवासी धमरैया परसपुर के साथ रामलीला देखने जा रहा था।
पिता सूर्य कुमार शुक्ल ने बताया कि रास्ते में मेठिया चौराहे के पास छिनैती की नीयत से बुलेट मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उनके बेटे की बाइक के आगे अपना वाहन लगा दिया और रोक लिया। इसके बाद तमंचे से फायर दिया। जिससे सुनील कुमार शुक्ल गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस से सीएचसी बेलसर भेजवाया जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पिता ने एक व्यक्ति को नामजद करते हुए दो लोगों के खिलाफ उमरी थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष संजीव वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिल गई है। कार्रवाई की जा रही है।