पुलिस ने करीब एक वर्ष पूर्व सेवराई के सतरामगंज बाजार में हुई चोरी का खुलासा करते हुए तीन बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लिया है, जबकि दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर 5.95 लाख रुपये नकद और करीब 10 लाख रुपये मूल्य के जेवरात बरामद किए गए हैं। प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि मंगलवार रात सेवराई चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक शिव प्रसाद पांडेय पुलिस टीम के साथ भदौरा बाजार में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर स्वाट टीम भी मौके पर पहुंच गई। संयुक्त टीम ने भदौरा बाजार-दिलदारनगर मार्ग स्थित फरीदपुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर तीन बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लिया और दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने करीब एक वर्ष पहले सतरामगंज बाजार निवासी गोविंद जायसवाल के घर हुई चोरी में शामिल होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी के 5.95 लाख रुपये नकद और करीब 10 लाख रुपये के जेवरात बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतरामगंज बाजार निवासी विनोद कुमार कमकर (58) और पंकज कुमार गुप्ता (30) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी मिलकर बंद मकानों की रेकी कर चोरी करते थे और वारदात के बाद नकदी व जेवरात आपस में बांट लेते थे। तीनों बाल अपचारियों को किशोर न्याय अधिनियम के तहत अभिरक्षा में लिया गया है, जबकि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।