Ghazipur News: पंखे की चपेट में आने से महिला की मौत, पति ने लगाया हत्या का आरोप; आठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज
गाजीपुर जिले में पंखे की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। उसके पति ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
विस्तार
गाजीपुर जिले के शादियाबाद थाना क्षेत्र के सुलतानीपुर गांव में मंगलवार को फर्राटा पंखा की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका के पति अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि पत्नी सहन पर गई तो विपक्षी उसे मारने के लिए दौड़ा लिए। वह भागते समय बिजली के तार में फंस गई और विद्युत करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
इधर, घटना से आक्रोशित दी तहसील बार एसोसिएशन जखनिया के अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में जखनिया एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन और घेराव शुरू कर दिया। एसडीएम कमलेश सिंह ने जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान सहित चार नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन करने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
यह है मामला
तहसील जखनिया के अधिवक्ता सुलतानीपुर निवासी अवध नारायण यादव की पत्नी रीनू यादव (38) की घर पर विद्युत करंट लगने से मौत हो गई। इसकी जानकारी होते ही दी तहसील बार एसोसिएशन जखनिया के अध्यक्ष श्रीप्रकाश वर्मा ने अधिवक्ताओं की आकस्मिक बैठक बुलाई और उपजिलाधिकारी के कार्यालाय के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इधर, अधिवक्ता अवध नारायण यादव ने पत्नी की हत्या करने का आरोप विपक्षियों पर लगाया। अधिवक्ता अवध नारायण यादव ने बताया कि विपक्षी सुनील यादव, मोनू और राम शरण सुबह भूमि पर पहुंचे और पशुओं का नाद फेंक कर स्वंय ही पशुओं को बांध कर कब्जा कर लिए। जब पत्नी वहां गई तो विपक्षियों ने उसे मारने की नियत दौड़ा लिया। वह भागते समय बिजली के तार में फंस गई, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। तब- तक जखनिया तहसील से अधिवक्ता घर पहुंचे और शव को तहसील पर ले जाने की जिद पर अड़ गए, लेकिन पुलिस समझाने में जुटी रही। घटना स्थल पर पहुंचे एसडीएम कमलेश सिंह ने जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद अधिवक्ताओं का गुस्सा शांत हुआ।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में शादियाबाद श्यामजी यादव ने बताया कि अधिवक्ता अवध नारायण यादव की तहरीर पर ग्राम प्रधान रामशरण, सुनील यादव, मोनू और रामजद के खिलाफ नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।