सुहवल। कोरोना संक्रमण के चलते दिलदारनगर-ताड़ीघाट ब्रांच लाइन पर पैसेंजर ट्रेन का परिचालन अभी तक शुरू न किए जाने से आक्रोशित ग्रामीणों का धैर्य शनिवार को जवाब दे गया। ट्रेनों के जल्द संचालन की मांग को लेकर प्रधान संघ के निवर्तमान ब्लाक अध्यक्ष एवं मेदिनीपुर के निवर्तमान ग्राम प्रधान दीपक सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने ताड़ीघाट क्रासिंग से स्टेशन तक शांतिपूर्ण मार्च निकाला। इस दौरान लोग पैसेंजर ट्रेन का जल्द संचालन शुरु करने को लेकर नारेबाजी कर रहे थे। इसके बाद स्टेशन अधीक्षक सुजित कुमार को पत्रक सौंपा। एक सप्ताह के अंदर पैसेंजर ट्रेन का संचालन न होने पर ताड़ीघाट स्टेशन का घेराव एवं धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी। स्टेशन अधीक्षक ने ग्रामीणों की मांग को विभागीय अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर सतेंद्र सिंह, मनोज यादव, गुलाब राम, बनारसी यादव, भानू गुप्ता, असलम, भावेश पांडेय, राकेश, सोनू मौजूद थे। ताड़ीघाट स्टेशन के अधीक्षक सुजित कुमार ने बताया की कोविड-19 के कारण ट्रेनों का संचालन बंद है। विभागीय अधिकारियों के आदेश के बाद ही इसका परिचालन शुरू हो सकता है। ग्रामीणों के द्वारा पैसेंजर ट्रेन के संचालन शुरु करने संबंधित पत्रक को आला अधिकारियों को प्रेषित कर दिया गया है।