मरदह। क्षेत्र के पलहीपुर गांव के भुभुई यादव बस्ती को जाने वाले संपर्क मार्ग की स्थिति काफी बदहाल हो चुकी है। क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से शिकायत के बावजूद भी स्थिति जस की तस बनी रही। इससे नाराज ग्रामीणों ने रविवार को धरना-प्रदर्शन करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मालूम हो कि भुभुई गांव के पप्पू यादव के मकान से अवधेश यादव के दरवाजे तक 800 सौ मीटर खड़ंजा मार्ग पर नाली निर्माण नहीं होने के कारण जलनिकासी नहीं हो पाती है। इस मार्ग से आने-जाने वाले राहगीरों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। पैदल आवागमन करने में परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने चेताया कि अगर 15 दिन के अंदर सड़क की समस्या का निस्तारण नहीं किया गया तो सड़क पर उरने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इस मौके पर रामज्ञान यादव, रामअवध यादव, उदयभान, दिनेश, अजय, दीनानाथ, सुनील, सोनू, विजय, इंदल, रविकेश, मनीष, कृपाल, उमेश, नंदलाल, संतोष, संजीत, डब्लू मौजूद रहे। इस संबंध में ग्राम विकास अधिकारी राजकुमार यादव ने बताया कि इस मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर जल्द से जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा।