जमानिया। तहसील मुख्यालय परिसर में बृहस्पतिवार को संत रविदास मंदिर के लिए भूमि आवंटन की मांग को लेकर जिला पंचायत प्रतिनिधि गोविंद सिंह यादव अपने समर्थकों के साथ तहसीलदार राम नारायण वर्मा के चैंबर पहुंच गए। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हो गई। इसके बाद समर्थकों ने नारेबाजी की। ताड़ीघाट गांव में संत रविदास मंदिर निर्माण के लिए 0.0250 हेक्टेयर भूमि को भूमि प्रबंध समिति द्वारा प्रस्तावित किया गया है। इसी प्रस्ताव की स्वीकृति के लिए ग्रामीण प्रतिनिधिमंडल तहसील पहुंचे थे।
स्थिति तनावपूर्ण होते देख मौके पर अन्य अधिकारी पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। इस दौरान ग्रामीणों ने एसडीएम ज्योति चौरसिया को एक ज्ञापन सौंपकर मंदिर निर्माण के लिए भूमि आवंटन की मांग की। जिलापंचायत प्रतिनिधि गोविंद सिंह यादव ने बताया कि उन्होंने आरोप लगाया कि तहसीलदार द्वारा नकारात्मक रवैया अपनाते हुए उन्हें चैंबर से बाहर जाने को कहा गया, जिससे ग्रामीणों की भावनाएं आहत हुई हैं। भूमि आवंटन को स्वीकृति नहीं दी गई तो ग्रामीण उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर जयप्रकाश, मुसाफिर, अंकुश, घनश्याम, जितेंद्र, विजयी, व्यासमुनी, राकेश, प्रद्युम्न सहित अन्य लोग मौजूद रहे।