दगाबाज दुल्हन: सामूहिक विवाह में लिए सात फेरे, एक महीने बाद विवाहिता ने प्रेमी के साथ भागकर कर ली शादी
Ghazipur News: गाजीपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। एक विवाहिता अपनी शादी के एक माह बाद ही प्रेमी के साथ भागकर शादी कर ली।
विस्तार
पुलिस को दी गई तहरीर में विवाहित के पहले पति ने आरोप लगाया वह नकद और जेवर भी साथ लेकर गई है। प्रेमी के घर पति के पहुंचने पर उससे मारपीट की गई। जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी श्यामजी यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के मंडप में जंगीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवती की नगसर हाल्ट थाने के नगसर नेवाजू राय निवासी अनिश कुमार के साथ शादी हुई थी। दोनों की शादी परिवार की सहमति से हुई थी। पति के मुताबिक शादी के बाद एक सप्ताह ससुराल में रहने के बाद युवती की विदाई हो गई। वह मायके चली गई।
इधर, पति भी गुजरात नौकरी करने चला गया। इस बीच 12 अप्रैल को अनिश को पता चला कि उसकी पत्नी शादियाबाद थाना के गोपपुर गांव निवासी अपने प्रेमी सत्येंद्र कुमार के साथ भाग गई है। अपने साथ शादी के 35 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और कपड़े भी ले गई है। 16 अप्रैल को पता चला कि युवती ने प्रेमी सत्येंद्र के साथ दूसरी शादी कर ली। पीड़ित पति घर आया और पिता-भाई और रिश्तेदारों के साथ युवती के घर पहुंचा।
वहां से सास-ससुर को साथ लेकर पत्नी के प्रेमी के घर पहुंचा। आरोप है कि पीड़ित ने अपनी पत्नी के बारे पूछा तो सत्येंद्र कुमार, सोनू, बब्लू उर्फ डब्लू और कांता ने उसे गाली दी। लाठी-डंडे से उसकी पिटाई की। बताया कि पीड़ित की तहरीर पर सत्येंद्र सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्जकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।