गाजीपुर में शार्ट-सर्किट से तीन दुकानें राख, 30 लाख का सामान जला, ऐसे बची दुकानदार की जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गाजीपुर जिले की सैदपुर तहसील गेट के सामने शुक्रवार की देर रात शार्ट सर्किट से तीन दुकानों में आग लग गई। पुलिस के मुताबिक करीब 30 लाख का सामान जल कर राख हो गया। इनमें दो दुकानें मोबाइल फोन की और एक में कंप्यूटर सेंटर था। फायर ब्रिगेड ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने दुकान में सो रहे दुकानदार को किसी तरह सुरक्षित निकाल लिया।
सैदपुर तहसील के मुख्य गेट के सामने पुराने बस स्टैंड के पास दो दुकानें मोबाइल फोन की हैं और एक में कंप्यूटर से जॉब वर्क किया जाता है। रात आठ बजे तीनों दुकानदार दुकानें बंद कर घर चले गए। बाद में मोबाइल की दुकान का संचालक विनीत मोदनवाल आ कर दुकान में सो गया। रात करीब 12 बजे अचानक तीनों दुकानों से आग की लपटें उठने लगी।
आसपास के लोगों और पिकेट के सिपाहियों ने शोर मचाने और सूचना देने पर सैदपुर कोतवाली पुलिस एवं नगर पंचायत कर्मी पानी के टैंकर के साथ पहुंचे और आग बुझाने लगे। इस बीच दुकान के पिछले हिस्से में रखे सिलेंडर से रिसाव होने से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
दुकान में सो रहे विनीत मोदनवाल चिल्लाने पर पुलिस कर्मी बच्चेलाल ने किसी तरह उसे बाहर निकाला। बाद में फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत कर करीब तीन घंटे के बाद आग पर काबू पाया। दुकानदार अमित विश्वकर्मा के मुताबिक उनकी दुकान से करीब 25 लाख के स्मार्टफोन और चार्जर आदि, तथा दुकानदार विनीत मोदनवाल की दुकान से पांच लाख से ज्यादा के मोबाइल जल गए।
इधर कंप्यूटर सेंटर के बंटी मोदनवाल ने बताया कि चार लाख से अधिक का सामान आग की भेंट चढ़ गया। कोतवाल रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि मोबाइल की दो एवं फोटो स्टेट और कंप्यूटर वर्क की एक दुकान शार्ट-सर्किट से लगी आग में जलकर नष्ट हो गई। घटना में करीब 30 लाख का नुकसान हुआ है। पीड़ितों ने नष्ट सामान का जिक्र तहरीर में किया है। मुकदमा दर्जकर छानबीन की जाएगी।