यूपी: गाजीपुर और सोनभद्र में बिजली का कहर, तीन की मौत, चार झुलसे
गाजीपुर जिले के सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के नुरुल्लापुर (चक अब्दुल बहाव) में बिजली गिरने से दो युवकों की झुलसकर मौत हो गई। वहीं तीन लोग झुलस गए। उनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। वहीं, सोनभद्र जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बिजली की चपेट में आने एक किसान और एक बैल की मौत हो गई। किसान की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
देर शाम तेज आवाज के साथ बिजली गड़गड़ाने से गांव के बाहर सिवान में मौजूद रामायण बिंद(55) और गोविंद(35) की गंभीर रूप से झुलसकर मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप झुलस गए। उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कोतवाल दीपेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार की शाम बिजली गिरने से रामायण बिंद और गोविंद की मौत हो गई है। जबकि तीन लोगों का जिला अस्पताल में इलाज में चल रहा है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दुद्धी कोतवाली और चोपन थाना क्षेत्र में हुई घटना
पहली घटना दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के धोरपा गांव की है। गांव के शिवदास(56) पुत्र फजीहत अपने घर से कुछ दूर नहर के करीब दोपहर में गाय चरा रहे थे। इसी दौरान बारिश होने लगी। तेज गरज चमक के साथ आसमान से गिरी बिजली की चपेट में आकर शिवदास गंभीर रूप से झुलस गए। खेत में बेहोश गिरा देख परिवार के लोग अस्पताल ले गए जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
दूसरी घटना चोपन थाना क्षेत्र के सलखन गांव में मंगलवार की शाम तेज गरज चमक के साथ बिजली गिरने से श्रीराम निवासी सलखन भठवां टोला के एक बैल की मौत हो गई। बिजली गिरने से इसी गांव के शिवाला टोला में लगा ट्रांसफार्मर दो भाग में बंट गया। वहीं सकीना बेगम पत्नी रेयाज खां भी बिजली का झटला लगने से अपने आंगन में अचेत हो गई। हालांकि प्राथमिक उपचार कराने के बाद उनके हालत में सुधार बताया जा रहा है।