भांवरकोल। थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव के सामने वाहन चेकिंग के दौरान मंगलवार की देर रात पुलिस ने हत्या एवं लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। तलाशी में गांव के पास जनसेवा केंद्र संचालक से लूटी गई एक लाख 62 हजार नकदी, कागजात, फोटो एवं बैग और बरेसर थाना क्षेत्र में दो आभूषण दुकान से सेंधमारी करके चोरी गए कुछ आभूषण बरामद हुए। इसके अलावा दो तमंचा और बिना नंबर प्लेट की बाइक भी मिली। थानाध्यक्ष शैलेश कुमार मिश्र, क्राइम ब्रांच प्रभारी निरीक्षक विनीत राय और थानाध्यक्ष बरेसर संजय कुमार मिश्र इलाके में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली की नीले रंग की बाइक पर सवार तीन बदमाश बलिया की तरफ से भरौली होते हुए मुहम्मदाबाद की तरफ जा रहे हैं। पुलिस रसूलपुर गांव के सामने वाहनों की चेकिंग करने लगी। बदमाश पुलिस को देख भागने का प्रयास करते समय सड़क पर गिर गए। तब-तक पुलिस कर्मियों ने तीनों को दबोच लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि बीते सात फरवरी की शाम को बरेसर थाना क्षेत्र के अलावलपुर चट्टी स्थित ज्वैलरी की दुकान से वह चोरी कर जाने लगे थे कि ट्यूबवेल पर सो रहे धर्मराज मौर्य ने मुंह पर टार्च मार दी। पहचान छिपाने के लिए गमछे से मुंह और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। शातिरों ने अपना नाम बरेसर थाना के रसूलपुर गांव निवासी चंदन यादव, न्यायीपुर गांव निवासी ओमप्रकाश यादव और मुहम्मदाबाद कोतवाली के मिरदहा मुहल्ला जामा मस्जिद निवासी शाहिद उर्फ लड्डन बताया। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार दुबे, नंदलाल कुशवाहा, जितेंद्र कुमार उपाध्याय, जमालुद्दीन, राम भवन आदि शामिल थे।