नंदगंज थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार के सौरम रोड स्थित एक विद्यालय के पास दो दिन से बंद पड़े मकान में घुसे चोरों ने तीन कमरों का ताला तोड़कर 30 हजार नकदी, आभूषण एवं कीमती कपड़ों पर हाथ साफ कर दिया। रविवार को सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन करने के बाद वापस लौट गई। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी।
ठेले पर चाट लगाकर आजीविका चलाने वाले रवींद्रनाथ सौरम रोड स्थित एक विद्यालय के पास एक किराये के मकान में अपने परिवार के साथ रहते हैं। घटना से दो दिन पहले अपने बहन के पुत्र की शादी में शामिल होने के लिए परिवार सहित गोलाधरी गांव गए थे। बंद पड़े मकान में चोर चाहरदीवारी फांदकर घुस गए और बंद पड़े तीनों कमरों के दरवाजे का ताला तोड़ दिया। चोरों ने एक कमरे में रखे अलमारी का ताला तोड़कर 30 हजार रुपये नकद, आभूषण और कीमती कपड़ों पर हाथ साफ कर दिया। इसी बीच रविवार की शाम रविंद्रनाथ नंदगंज बाजार से कुछ सामान खरीदने आए तो अपने किराये के मकान पर चले गए। जब बाहर का ताला खोलकर मकान में प्रवेश किए तो कमरों में सामान बिखरा था। उन्होंने आसपास के लोगों के साथ पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर जाकर बिखरे हुऐ सामान को देखकर लौट गई। पीड़ित ने बताया कि 30 हजार नकदी एवं आभूषण पर हाथ कर दिया है। अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी गई है।