गाजीपुर: मकान और सराफा दुकान को चोरों ने बनाया निशाना, 1.80 लाख नकदी और सात लाख के आभूषण चोरी
बड़सरा नागाबाबा रोड पर यूनियन बैंक से 100 मीटर दूर एक मकान से चोरों ने कैश उड़ाया। उसके बाद मकान में ही उनकी सराफा की दुकान है, जहां से जेवरात चोरी कर लिए।
विस्तार
गाजीपुर जिले के करंडा थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार के नागाबाबा रोड स्थित एक मकान और सराफा दुकान को चोरों ने रविवार की देर रात निशाना बनाया। चोरों ने एक लाख 80 हजार नकदी सहित सात लाख के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पर पुलिस टीम मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार, बड़सरा नागाबाबा रोड पर यूनियन बैंक से 100 मीटर दूर विनोद वर्मा का मकान है। वह अपने मकान में ही सराफा की दुकान चलाते हैं। देर रात खाना खाने के बाद पीड़ित और परिवार के सदस्य छत पर सो रहे रहे थे। इधर चोर घर की दक्षिणी दीवार के पास अवैध रूप से रखे गए सफेद बालू के टीले से छत पर चढ़ गए और घर एवं दुकान में घुसकर घटना को अंजाम दिया।
देर रात पीड़ित का पुत्र जब नीचे बाथरूम गया तो देखा कि घर का दरवाजा और आलमारी खुली है। उसके शोर मचाने पर परिजनों की नींद टूट गई। चोरों ने दुकान की आलमारी में रखे सोने की पांच चेन, पांच चांदी की हंसुली, दस सोने अंगुठी, चार सोने का झुमका, दो मंगलसूत्र, एक हार दो आयरन सहित एक लाख 80 हजार रुपये नगद पर हाथ साफ दिया।
पीड़ित ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस के साथ परिजनों ने खोजबीन की तो घर के पीछे धान के खेत में घर से चुराई गई दो खुली अटैची मिली। घटना के दूसरे दिन सुबह थानाध्यक्ष अजय कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया।
इधर पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्जकर छानबीन में जुटी हुई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अजय कुमार पांडेय ने बताया कि परिवार के लोगों की लापरवाही की वजह से चोरी हुई है। आलमारी की चाभी वहीं रखकर और सीढ़ी समेत घर का पूरा दरवाजा खोलकर छत पर सो रहे थे। फिलहाल मुकदमा दर्जकर छानबीन की जा रही है।
15 दिन पूर्व हुई चोरी का नहीं हुआ खुलासा
थाना क्षेत्र के दीनापुर निवासी रामरतन गोड़ के मकान को 15 दिन पूर्व चोरों ने निशाना बनाया था। हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया था। वहीं एक माह पहले कटरियां निवासी चिकित्सक डॉ. दयाशंकर सिंह के घर में घुसकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया था। आलमारी का ताला तोड़कर करीब डेढ़ लाख के सामान पर हाथ साफ कर दिया था। वहीं बड़सरा स्थित वंदना स्टूडियो तथा पंकज स्टूडियो में हुई चोरियों का भी अब तक खुलासा करने में पुलिस विफल है।