स्वास्थ्य विभाग के वाराणसी मंडल के अपर निदेशक डा. एसके उपाध्याय ने मंगलवार को गोराबाजार स्थित जिला अस्पताल और जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला महिला अस्पताल में गंदगी मिलने, पीने के लिए पानी की व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी जताई। साथ ही तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश अधिकारियों को दिया।
अपर निदेशक डा. एसके उपाध्याय सबसे पहले मिश्र बाजार स्थित जिला महिला अस्पताल पहुंचे। वहां फैली गंदगी को देख भड़क गए और साफ-सफाई की व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान मरीजों के पेयजल की व्यवस्था नहीं होने पर आपूर्ति कराने का निर्देश दिया। साथ ही मरीजों के लिए कूलर और आरो लगाने का भी निर्देशित किया। साथ ही एसएनसीयू वार्ड और अन्य वार्ड में एसी नहीं चलले पर तत्काल रिपेयर करा कर चालू कराने का निर्देश दिया। इसके बाद वह जिला अस्पताल पहुंचे, जहां निरीक्षण के दौरान सब कुछ ठीक-ठाक मिला। उन्होंने जिला पुरुष अस्पताल की व्यवस्था पर संतुष्टि जाहिर किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. हरगोविंद सिंह, एसीएमओ डा. केके वर्मा, सीएमएस महिला अस्पताल डा. तारकेश्वर, डा. सर्वजीत, मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य आनंद मिश्रा, जिला अस्पताल के सीएमएस डा. राजेश सिंह आदि मौजूद रहे।