पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर- पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलखंड के गहमर रेलवे स्टेशन पर कोविड काल से ही बंद फरक्का एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, कामाख्या भगत की कोठी एवं जयनगर गरीब रथ एक्सप्रेस के ठहराव को लेकर भूतपूर्व सैनिक संगठन गहमर, रेल पुन: ठहराव समिति, व्यापार मंडल एवं क्षेत्रवासियों द्वारा बीते चार जनवरी से चल रहा अनिश्चतकालीन आंदोलन के दसवें दिन बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। पूर्व सैनिक ओम प्रकाश सिंह ने कहा की रेल प्रशासन को पूरी तरह से यह पता है कि गहमर तथा आसपास के गांव के लोगों को इस स्टेशन से ट्रेनों का ठहराव खत्म कर देने से भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है, जिसे लेकर बीते दस दिन से लोग दिन रात इस भीषण सर्दी और बरसात में अपना जान जोखिम में डाल बैठे हुए हैं, लेकिन अफसोस कि इतने दिन बीत जाने के बाद भी ना जाने किस दबाव में रेल प्रशासन बहरा और गूंगा बन अब तक एक बार भी आने की जहमत नहीं उठा रहा है। इसको देखते हुए निर्णय लिया है कि 15 जनवरी को दिन में 11 बजे आमरण अनशन पर बैठने जा रहे हैं। इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष मार्कण्डेय सिंह, महामंत्री शिवानंद सिंह, सदस्य चंदन सिंह, कुणाल सिंह, प्रमोद सिंह रेल पुन: ठहराव समिति के संयोजक हृदय नारायण सिंह, सुनैना देवी, आशा देवी, अनिता मौर्या, सुधीर सिंह, हेराम सिंह, पूर्व सैनिक ओम प्रकाश सिंह, पूर्व प्रधान दुर्गा चौरसिया, आदर्श सिंह आदि मौजूद रहे।