गाजीपुर। आत्मसमर्पण के कई मामले सुने गए हैं, लेकिन चारपाई पर लेटकर कोर्ट में आत्मसमर्पण का मामला शायद पहली बार सामने आया है। यह अनोखा दृश्य जनपद न्यायालय स्थित एसीजेएम कोर्ट में देखने को मिला, जहां चेक बाउंस के एक मामले में 70 वर्षीय अभियुक्त को चारपाई पर लेकर परिजन कोर्ट पहुंचे। अभियुक्त की पहचान रामदरस यादव (70) निवासी न्यायायीपुर विद्यापुर, थाना बरेसर के रूप में हुई है। कोर्ट ने पूर्व में सुनाई गई तीन माह की सजा के आदेश के तहत दोषी को जेल भेज दिया।
हाईकोर्ट से भी नहीं मिली राहत : सजा के बाद आरोपी ने हाईकोर्ट में अपील की थी, लेकिन हाईकोर्ट ने निचली अदालत के आदेश का पालन करने का निर्देश देते हुए मामला वापस कर दिया। इसके बाद आरोपी ने एसीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। परिजनरिजन उसे चारपाई सहित उठाकर कोर्ट परिसर में लाए थे। आरोपी चारपाई पर होने के कारण कैदियों के वाहन में नहीं जा सका। इसके बाद पुलिस लाइन से खुला वाहन मंगाया गया, जिस पर चारपाई समेत दोषी को जेल भेजा गया।